Samachar Nama
×

डॉक्टर हर्षवर्धन बोले-BJP के पुन: सेवा में लौटने पर दिल्ली के व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस में छूट !

डॉक्टर हर्षवर्धन बोले-BJP के पुन: सेवा में लौटने पर दिल्ली के व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस में छूट !
दिल्ली न्यूज डेस्क् !! दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर दिल्ली भाजपा के प्रचार की रफ्तार तेज हो गई है। आज केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान एवं अनुराग ठाकुर सहित पार्टी के 13 वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 60 जनसभाओं को संबोधित कर दिल्ली को केंद्र सरकार से मिले विकास प्रोजेक्टों एवं दिल्ली नगर निगम की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए जनता से नगर निगम चुनाव में भाजपा को पुन: सेवा का अवसर देने की अपील की। आज की जनसभाओं को संबोधित करने वाले अन्य नेताओं में प्रमुख थे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद डॉ अनिल जैन, डॉ हर्षवर्धन, डॉ महेश शर्मा, श्रीमती लॉकेट चटर्जी, रमेश बिधूड़ी एवं प्रवेश साहिब सिंह, बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रहे डॉ प्रेम कुमार एवं डॉ जिवेश मिश्रा, उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और उत्तर प्रदेश से विधायक नंद किशोर गुर्जर।

सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि नगर निगम ने दिल्ली की जनता की सेवा के लिए गत 15 वर्षों में अनेक सुविधाएं दी हैं। जिनमें से प्रमुख हैं,घर-घर से कूड़ा उठाना और सभी स्ट्रीट लाइटों को एलइडी कर दिल्ली के अंतिम कोने तक को चमकाना, सभी पार्कों में जिम या झूले लगाए गए हैं। अब भाजपा पुन: सेवा में लौटने पर दिल्ली के व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस में छुट देगी और महिलाओं एवं युवाओं के लिए अनेक स्वरोजगार योजनाएं आगामी छह महीनों में लाएगी।  सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि आज गरीब मजदूर वर्ग में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिये गए 3024 नए फ्लैटों के कारण खुशी की लहर है। पिछले 40 वर्षों से कैम्प के गरीब लोग दयनीय स्थिति में झुग्गी-झोपड़ियों में मूलभूत सुविधाओं से वंचित रह कर नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे। इनकी समस्याओं का समाधान पूर्व में रही कांग्रेस की सरकार नहीं कर पाई और वर्तमान में पिछले 8 वर्षों से केजरीवाल सरकार जो सिर्फ झूठे वादों और लुभावनी घोषणाओं से दिल्ली की गरीब जनता को ठगती आई है।

आगे सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिम दिल्ली के लोगों ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है और हमारे पार्षदों ने इस क्षेत्र की सेवा में, विकास में पूरा योगदान दिया है। मेरा विश्वास है कि चार दिसंबर के निगम चुनाव में भी जनता भाजपा को चुनेंगी और मैं विश्वास दिलाता हूं कि नगर निगम तिलक नगर, हरिनगर एवं जनकपुरी में मल्टिलेवल पाकिर्ंग बनवाकर क्षेत्र की पाकिर्ंग समस्या का अंत करने का प्रयास करूंगा।

--आईएएनएस

एमजीएच/एएनएम

Share this story