24 AC, 16 पंखे, 5 TV... 'शीशमहल' नहीं तो किस बंगले में रहेंगी दिल्ली की नई CM रेखा गुप्ता? मिले ये ऑप्शन

राजधानी दिल्ली में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के बंगले को लेकर उठ रहे सवाल अब बीजेपी की टेंशन बढ़ा सकते हैं। दरअसल, ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सरकारी आवास पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी सामने आई है। सीएम रेखा गुप्ता के बंगले में 24 एसी, 5 बड़े टीवी, 16 पंखे और तीन बड़े झूमर लगाए जाएंगे। आइए जानते हैं सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी बंगले में और क्या-क्या सुविधाएं होंगी। बता दें कि सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी बंगले का काम दो चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में बिजली के उपकरणों को बदलने का काम किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में बाकी काम किए जाएंगे। सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी आवास के किचन में 24 एसी, 5 टीवी और 16 पंखों के अलावा छह गीजर लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं किचन में कई ब्रांडेड अप्लायंस भी लगाए जाएंगे। इनके अलावा उनके बंगले में कई अन्य लग्जरी सुविधाएं होंगी।
आवास से पहले तैयार होगा मुख्यमंत्री कार्यालय
राजनिवास मार्ग पर बनने वाले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास से पहले उनका कार्यालय बनकर तैयार हो जाएगा। दिल्ली सरकार के सूत्रों का कहना है कि पहले सीएम कार्यालय के लिए तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें बंगले में ज्यादा काम नहीं होना है, इसलिए यह बंगला जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा। जब बंगला बनकर तैयार हो जाएगा, तो मुख्यमंत्री यहां जनसुनवाई शुरू करेंगी। सीएम फिलहाल शालीमार बाग इलाके में अपने निजी आवास में रह रही हैं।
दिल्ली की नई सरकार के गठन के 100 दिन बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का सरकारी आवास सिविल लाइंस स्थित राजनिवास मार्ग पर तय हो गया है। इसी रोड पर स्थित बंगला नंबर 1/8 और 2/8 को मुख्यमंत्री आवास के तौर पर बनाया जा रहा है। इसमें उनका कैंप ऑफिस भी बनाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इसकी मरम्मत कर रहा है। इन दोनों को ही मुख्यमंत्री आवास के लिए आवंटित किया गया है।
बताया गया कि एक बंगले में मुख्यमंत्री रहेंगी और दूसरे में कैंप ऑफिस होगा। फिलहाल मुख्यमंत्री शालीमारबाग स्थित अपने निजी आवास में रह रही हैं। जहां से वह जल्द ही अपने बंगले में आने की तैयारी कर रही हैं। सिविल लाइंस स्थित बंगला लेने की एक वजह यह भी है कि उनका विधानसभा क्षेत्र शालीमारबाग के नजदीक है। दूसरे शब्दों में कहें तो उनका आवास दिल्ली सचिवालय से शालीमारबाग के रास्ते में ही होगा। अधिकारियों का कहना है कि यह आवास आवंटन के लिए गृह मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुरूप है। मुख्यमंत्री को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। राजनिवास मार्ग स्थित बंगले में चार बेडरूम, बड़ा लिविंग और ड्राइंग रूम, स्टाफ क्वार्टर और लॉन हैं। पीडब्ल्यूडी ने मुख्यमंत्री आवास के साथ ही कैंप ऑफिस के अपग्रेडेशन का काम शुरू कर दिया है, जो एक महीने में पूरा हो जाएगा। बता दें कि दिल्ली में मुख्यमंत्री का कोई आधिकारिक आवास नहीं है। इस वजह से हर मुख्यमंत्री अलग-अलग आवास में रहा है।