Samachar Nama
×

19 लोगों की जान ले चुका कबरा हाथी अब पकड़ा जाएगा, सरगुजा में बड़ा बचाव अभियान शुरू; बेहोश करने के लिए विशेषज्ञों की टीम पहुंची

19 लोगों की जान ले चुका कबरा हाथी अब पकड़ा जाएगा, सरगुजा में बड़ा बचाव अभियान शुरू; बेहोश करने के लिए विशेषज्ञों की टीम पहुंची

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले में दहशत का कारण बने कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बड़ा बचाव अभियान शुरू कर दिया है। पिछले कुछ महीनों में 19 लोगों की जान ले चुके इस हाथी को बेहोश कर सुरक्षित तरीके से पकड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए विशेषज्ञों की टीम सरगुजा पहुंच गई है। हाथी की लगातार बदलती लोकेशन और आबादी वाले इलाकों में उसकी आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।कबरा हाथी के हमलों से आसपास के गांवों में डर का माहौल है। ग्रामीणों को जंगल और हाथी की आवाजाही वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग की प्राथमिकता हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू में करना और ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।हालांकि, पहले दिन का अभियान सफल नहीं हो सका। वन विभाग की टीम को कबरा हाथी की सटीक लोकेशन नहीं मिली। शनिवार को दूसरे दिन भी अभियान जारी रखा गया है।

दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की ली जा रही मदद

कबरा को पकड़ने के लिए रमकोला रेस्क्यू सेंटर से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी तीरथराज और दुर्योधन को अभियान में शामिल किया गया है। इनके साथ बिलासपुर से पहुंचे वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया सहित अन्य विशेषज्ञ भी मौजूद हैं।कुमकी हाथियों की मदद से कबरा को घेरने और सुरक्षित तरीके से बेहोश करने की योजना है। इसके बाद उसे रमकोला स्थित हाथी रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। वन विभाग की योजना है कि हाथी के व्यवहार में सुधार आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाए।

17 हाथियों के झुंड में शामिल होने से बढ़ी मुश्किल

वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती कबरा की पहचान करना है। जानकारी के मुताबिक, वह सायर और पहाड़कोरजा के बीच जंगल में मौजूद 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है। झुंड में कई हाथियों के एक साथ होने के कारण उसे अलग पहचानना मुश्किल हो रहा है।पहले दिन ड्रोन कैमरों से भी उसकी तलाश की गई। कुमकी हाथियों को उसके पदचिह्नों की गंध के आधार पर जंगल में आगे बढ़ाया गया। वे करीब सात किलोमीटर तक गए, लेकिन घने जंगल और पथरीले इलाके के कारण कबरा का स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका। इसके चलते अभियान रोकना पड़ा और अगले दिन दोबारा तलाश शुरू की गई।

करीब 15 स्कूलों में छुट्टी, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

कबरा हाथी की मौजूदगी को देखते हुए सायर, कुदर, बसवार और आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर करीब 12 से 15 स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वन विभाग की टीमें लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने, अकेले खेतों की ओर नहीं निकलने और हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने से बचने की सलाह दी गई है।वन विभाग के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक तरफ कबरा को सुरक्षित पकड़ना है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों को उसके हमलों से बचाना है। पूरे इलाके की नजरें इस बचाव अभियान पर टिकी हैं।

Share this story

Tags