
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को आगामी आदेश तक रद्द कर दिया गया है। डीजीसीए के निर्देश पर इंडिगो एयरलाइंस प्रबंधन ने यह सूचना जारी की। साथ ही ट्रैवल ऑपरेटरों को आगामी आदेश तक टिकट बुक न करने को कहा गया। ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष रमन जादवानी ने बताया कि फ्लाइट के अचानक क्रैश होने के बाद अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के परिजनों के फोन आने लगे। ज्यादातर यात्री काफी डरे हुए थे। हालांकि एयरलाइन की ओर से उन्हें विकल्प दिया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि टिकट रिफंड में कोई कटौती नहीं की जाएगी। फ्लाइट में सवार होने के बाद अचानक सभी के उतर जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। अफरा-तफरी के माहौल में सभी टर्मिनल बिल्डिंग की ओर दौड़ पड़े। लेकिन, किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। इससे यात्री भड़क गए। काफी देर बाद जब घटना की सूचना मिली तो उन्होंने इस लापरवाही के लिए एयरलाइन प्रतिनिधियों और एयरपोर्ट प्रबंधन पर अपना गुस्सा निकाला। हालांकि, समझाइश के बाद सभी शांत हो गए। हंगामे के बाद यात्रियों ने किया स्थानांतरण
फ्लाइट निरस्त होने के बाद यात्रियों के आक्रोश को देखते हुए 35 लोगों को मुंबई-दिल्ली होते हुए दूसरी फ्लाइट से वडोदरा और राजकोट भेजने की व्यवस्था की गई। करीब 40 टिकट निरस्त किए गए, 42 को अगली तिथि के लिए रोक दिया गया और अन्य को रोक दिया गया। एयरलाइन ने उन्हें दूसरी फ्लाइट से भेजने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया।
साथ ही टिकट निरस्त होने पर पूरा किराया चुकाया गया और यात्रा रोकने पर फ्लाइट में उनकी सुविधानुसार बोर्डिंग खुली रखी गई। बताया जाता है कि हैदराबाद जाने वाले यात्रियों को निरस्त फ्लाइट से अहमदाबाद भेजा गया।
यात्रियों में दहशत, कुछ घबराए
रायपुर के शंकर नगर निवासी एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वह अपनी बेटी से मिलने अहमदाबाद जा रहा था। इसी बीच अचानक हुई घटना से वह घबरा गया। वहीं, देवेंद्र नगर निवासी जोशी परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। लेकिन, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण फिलहाल कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने विमान दुर्घटना पर जताया दुख राज्यपाल रमन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना अत्यंत हृदय विदारक है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस कठिन परिस्थिति में धैर्य और शक्ति प्रदान करें। साथ ही इस भीषण दुर्घटना में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी है।