Samachar Nama
×

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की प्रधानमंत्री से मुलाकात, रायपुर आमंत्रण के साथ विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की प्रधानमंत्री से मुलाकात, रायपुर आमंत्रण के साथ विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को आगामी 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित होने वाले "अमृत रजत महोत्सव" में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु औपचारिक निमंत्रण सौंपा। उन्होंने प्रधानमंत्री से निवेदन किया कि वह इस ऐतिहासिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं और प्रदेश की जनता को मार्गदर्शन प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की भावी योजनाओं, विकास की प्राथमिकताओं और जनकल्याण से जुड़ी प्रमुख पहलों की भी जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में चल रही बुनियादी संरचना परियोजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, आदिवासी कल्याण और औद्योगिक निवेश को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया।

विष्णुदेव साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार, प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। राज्य में योजनाओं का क्रियान्वयन "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" की भावना के साथ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय क्षेत्रों के उत्थान, युवाओं के कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल दे रही है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में निवेश को आकर्षित करने, रोजगार सृजन बढ़ाने और पर्यावरण-संवेदनशील विकास मॉडल को अपनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री साय को प्रदेश के विकास के लिए शुभकामनाएं दीं और भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार, छत्तीसगढ़ के हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अमृत रजत महोत्सव के आयोजन को प्रदेश के गौरव का अवसर बताते हुए इसके लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ 1 नवंबर 2025 को अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है। इस अवसर पर रायपुर में "अमृत रजत महोत्सव" का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा। यह आयोजन राज्य की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और भविष्य की विकास यात्रा का प्रतीक होगा।

Share this story

Tags