छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप सड़क हादसे में बाल-बाल बचे, काफिले की गाड़ियों से टकराई SUV; 6 घायल
छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप रविवार को बस्तर संभाग में हुए एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। मंत्री के काफिले में चल रही गाड़ियों को एक तेज रफ्तार SUV ने टक्कर मार दी। हादसे में मंत्री के निजी सहायक, सुरक्षा वाहन के चालक और चार पुलिसकर्मियों समेत कुल छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा भानपुरी थाना क्षेत्र में हुआ। मंत्री केदार कश्यप अपने पैतृक गांव फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक SUV ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद SUV अनियंत्रित हो गई और पीछे चल रहे काफिले के सुरक्षा वाहन से जा भिड़ी।
काफिले की कार को भारी नुकसान
हादसा इतना जोरदार था कि काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। उसमें सवार पुलिसकर्मी और चालक घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में मंत्री के निजी सहायक अनुराग शर्मा, सुरक्षा वाहन चालक सुनील कुमार मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और सुकांतिन उसेंडी तथा आरक्षक त्रिलोतमा ध्रुव और नर्मदा मरकाम शामिल हैं।
चार पुलिसकर्मी रायपुर रेफर
घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज कोंडागांव जिला अस्पताल और जगदलपुर के डिमरापाल अस्पताल में चल रहा है। मंत्री के निजी सहायक को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रायपुर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद वन मंत्री केदार कश्यप स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी हादसे की जानकारी साझा करते हुए घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
SUV चालक हिरासत में
पुलिस ने हादसे में शामिल SUV के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना की परिस्थितियों और टक्कर के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में मंत्री की कार और काफिले का सुरक्षा वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है।
गनीमत रही कि इतनी जोरदार टक्कर के बावजूद वन मंत्री केदार कश्यप को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि SUV किस गति से आ रही थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

