कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा जिलाध्यक्ष का हमला, बोले- "यह पुत्र मोह का परिचायक
भाजपा जिलाध्यक्ष घासी राम नाग ने सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रवार्ता में कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल संगठन में किस पद पर हैं?
जिलाध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब चैतन्य बघेल के पास कोई संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं है, तो फिर उनके समर्थन में कांग्रेस द्वारा प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करने का औचित्य क्या है? उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की विवेकहीन राजनीति और पुत्र मोह को दर्शाता है।
घासी राम नाग ने आगे कहा कि कांग्रेस को अगर वास्तव में जनहित की चिंता होती, तो वह मुद्दों की राजनीति करती, न कि पारिवारिक रिश्तों को लेकर सड़कों पर उतरती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व जनता का ध्यान भटकाने के लिए भावनात्मक मुद्दों का सहारा ले रहा है।
पत्रवार्ता में भाजपा पदाधिकारियों ने कांग्रेस से यह भी मांग की कि वह बताएं, चैतन्य बघेल के बचाव में पार्टी द्वारा की जा रही कार्रवाई की संवैधानिक और नैतिक आधार क्या है। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भाजपा ऐसी वंशवादी राजनीति का विरोध करती रही है और आगे भी करेगी।

