रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते 22 वर्षीय युवक की हत्या, पार्टी के बहाने बुलाकर गमछे से घोंटा गला; सीवरेज में मिला शव
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते 22 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। तेलीबांधा इलाके से मंगलवार रात लापता हुए युवक का शव बुधवार शाम कमल विहार के सेक्टर-17 स्थित सीवरेज से बरामद हुआ। मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान विनोद तांडेकर (50) और राजा नायडू (40) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते निरंजन की हत्या की। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक को पार्टी करने के बहाने अपने पास बुलाया था। इसके बाद गमछे से उसका गला घोंट दिया।
मंगलवार रात निरंजन के लापता होने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार शाम उसका शव कमल विहार के सेक्टर-17 में सीवरेज के भीतर मिला। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इस मामले में हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों ने पुलिस के सामने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

