3 महीने में 8 मौतों का खुलासा, वीडियो में देंखे गांव के ही शख्स ने जहर मिली शराब पिलाकर ली जान
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश और निजी दुश्मनी के चलते लोगों को जहर मिलाकर शराब पिलाई, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
एक के बाद एक होती रहीं मौतें
पुलिस के अनुसार, खर्वे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान लगातार लोगों की मौत हो रही थी। शुरुआत में ग्रामीणों ने इन घटनाओं को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर दिया। हालांकि जब मौतों का सिलसिला बढ़ता गया और सभी मामलों में कुछ समानताएं सामने आने लगीं, तब पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
सभी मामलों में मिला एक जैसा पैटर्न
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतकों में एक समान बात थी। सभी लोगों ने मौत से पहले गांव के निवासी रामसहाय जायसवाल के साथ शराब पी थी। इसी आधार पर पुलिस का शक गहराया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की गई।
पुरानी रंजिश और अंधविश्वास बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रामसहाय जायसवाल ने पुरानी रंजिश, गाली-गलौज, आपसी विवाद, कर्ज से छुटकारा पाने, पत्नी पर गलत नजर रखने और टोना-टोटका के शक जैसी वजहों से लोगों को निशाना बनाया। उसने योजनाबद्ध तरीके से शराब में जहर मिलाकर लोगों को पिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पहले कुत्ते पर किया जहर का परीक्षण
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले यह जांचने के लिए एक कुत्ते को जहर दिया था कि जहर असरदार है या नहीं। कुत्ते की मौत होने के बाद उसे यकीन हो गया कि जहर काम कर रहा है। इसके बाद उसने अलग-अलग तारीखों में गांव के लोगों को शराब में वही जहर मिलाकर पिलाया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर रामसहाय को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में उसने खुद को निर्दोष बताया, लेकिन जब पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
एक व्यक्ति की बची जान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा जहर मिली शराब पीने वाले लोगों में सिर्फ एक व्यक्ति की जान बच सकी। बाकी सभी की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं था।
गांव में दहशत का माहौल
लगातार हुई मौतों और उसके पीछे छिपे इस खौफनाक सच के सामने आने के बाद खर्वे गांव के लोग सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

