Samachar Nama
×

छत्तीसगढ़ में 4 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, चचेरे भाई ने निकालीं दोनों आंखें, गुर्दे और फेफड़े; जल्दी अमीर बनने के लालच में रची साजिश

छत्तीसगढ़ में 4 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, चचेरे भाई ने निकालीं दोनों आंखें, गुर्दे और फेफड़े; जल्दी अमीर बनने के लालच में रची साजिश

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चार साल के मासूम जितेंद्र राम की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 27 वर्षीय वासुदेव राम उर्फ टंगनू को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपने ही रिश्तेदार के चार साल के बेटे की हत्या कर उसके शरीर से दोनों आंखें, दोनों गुर्दे और फेफड़े निकाल लिए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जल्दी अमीर बनने के लालच में मानव अंग बेचने की योजना बना रहा था। उसने इंटरनेट मीडिया पर इससे जुड़ी जानकारी तलाशने के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता वाले एक अनुप्रयोग से भी बातचीत की थी।

5 नवंबर से लापता था मासूम जितेंद्र

पुलिस के अनुसार, जितेंद्र के पिता रामजीत राम परिवार के साथ जशपुर जिले के सन्ना क्षेत्र में आमटचुआ नदी बांध के पास एक अस्थायी झोपड़ी में रहते थे। परिवार मजदूरी करके गुजारा करता था। आरोपी वासुदेव भी रिश्तेदार था और अक्सर उनके घर आता-जाता था।

बताया गया कि 5 नवंबर को वासुदेव जितेंद्र को अपने साथ ले गया। इसके बाद बच्चा घर नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। 7 नवंबर को पिता ने सन्ना थाने में बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

खेत के गड्ढे में मिला बोरी में बंद शव

बच्चे की तलाश के दौरान ग्रामीणों को मक्के के खेत के पास पानी से भरे एक गड्ढे में संदिग्ध बोरी दिखाई दी। बोरी खोलने पर उसमें कंबल और रजाई में लिपटा जितेंद्र का शव मिला। बच्चे की हालत देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उसने जितेंद्र को आखिरी बार वासुदेव के साथ जाते हुए देखा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

जल्दी अमीर बनने के लिए बनाई अंग बेचने की योजना

पुलिस के मुताबिक, वासुदेव मजदूरी करता था और अपनी कमाई से संतुष्ट नहीं था। वह इंटरनेट मीडिया पर जल्द पैसा कमाने के तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसने मानव अंग बेचकर लाखों रुपये कमाने से जुड़ा एक वीडियो देखा। इसके बाद उसने कृत्रिम बुद्धिमत्ता वाले एक अनुप्रयोग से आवाज के जरिए बातचीत शुरू की।

जशपुर पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को भ्रम हो गया था कि अनुप्रयोग पर उससे बातचीत करने वाला कोई वास्तविक व्यक्ति है, जो दिल्ली से आकर अंग खरीदेगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इसी लालच में मासूम को निशाना बनाया।

पुलिस ने बरामद किए अंग और वारदात में इस्तेमाल सामान

पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चे को बहाने से अपने साथ ले गया था। वहां उसे खाना खिलाया और शराब पिलाई। इसके बाद उसकी हत्या कर दी और शरीर से अंग निकाल लिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अंगों से भरी बाल्टी, चाकू, फावड़ा और मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। बच्चे के शव और बरामद अंगों को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अंगों को बेचने के लिए किसी वास्तविक व्यक्ति से संपर्क किया था या नहीं। पुलिस के मुताबिक, अब तक किसी अंग की बिक्री का प्रमाण सामने नहीं आया है।

Share this story

Tags