रायपुर में पार्टी के बहाने बुलाकर 22 साल के निरंजन की हत्या, गमछे से घोंटा गला; सीवरेज में फेंका शव, बेटे की मौत से बेसुध हुई मां
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते 22 वर्षीय युवक निरंजन पाल की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपियों ने उसे पार्टी करने के बहाने अपने साथ बुलाया और फिर गमछे से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को कमल विहार के सीवरेज में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में विनोद तांडेकर और राजा नायडू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुरानी दुश्मनी के चलते हत्या की साजिश रचने की बात सामने आई है।
रात को घर से बुलाकर ले गए थे आरोपी
जानकारी के अनुसार, निरंजन पाल तेलीबांधा थाना क्षेत्र के काशीराम नगर में अपनी मां रंजनी पाल और छोटी बहन के साथ रहता था। उसकी मां अंबेडकर अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती हैं। मंगलवार 10 नवंबर की रात करीब 8 बजे विनोद और राजा उसके घर पहुंचे। दोनों निरंजन को अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गए।
रात करीब 9 बजे मां ने बेटे को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। काफी देर तक निरंजन के घर नहीं लौटने पर मां परेशान हो गईं। उन्होंने परिचितों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की। अगले दिन सुबह तेलीबांधा थाने पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
कमल विहार के सीवरेज में मिला शव
पुलिस ने निरंजन की तलाश शुरू की तो जांच के दौरान काठाडीह एनीकट के पास उसकी बाइक और मोबाइल फोन के बारे में सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने उन लोगों से पूछताछ की, जिनके साथ निरंजन को आखिरी बार देखा गया था।
जांच के दौरान पुलिस कमल विहार के सेक्टर-17 स्थित सीवरेज तक पहुंची। बुधवार शाम यहां से निरंजन का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर परिवार तक पहुंची तो मां रंजनी बेसुध हो गईं। पति के निधन के बाद निरंजन ही परिवार का मुख्य सहारा था।
बेटे की हत्या के शक में रखता था रंजिश
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विनोद तांडेकर के बेटे राजा तांडेकर की पिछले साल 25 जून को चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। बताया जा रहा है कि वे सभी निरंजन के परिचित थे।
विनोद को शक था कि उसके बेटे की हत्या में निरंजन भी शामिल था। हालांकि, पुलिस की जांच में निरंजन की इस हत्याकांड में संलिप्तता सामने नहीं आई थी। इसके बावजूद विनोद उसके प्रति रंजिश रखता था। इसी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए उसने अपने साथी राजा नायडू के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
शराब पिलाने के बाद गमछे से घोंटा गला
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, दोनों आरोपी निरंजन को पार्टी के बहाने कमल विहार के सुनसान इलाके में ले गए। वहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान आरोपियों ने गमछे से निरंजन का गला घोंट दिया। उसकी मौत के बाद शव को सीवरेज में डालकर ढक्कन बंद कर दिया।
वारदात के सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने निरंजन के कपड़े उतारकर जला दिए। उसकी बाइक और मोबाइल फोन को भी काठाडीह एनीकट के पास नदी में फेंक दिया था।
दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर विनोद तांडेकर और राजा नायडू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर शव, जले हुए कपड़े और मृतक की बाइक बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

