Samachar Nama
×

PM मोदी का पंजाब दौरा: चंडीगढ़ में 4700 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात, वीडियो में जाने जालंधर में अमृत भारत स्टेशनों का करेंगे उद्घाटन; धमकी के बाद सुरक्षा बढ़ी

PM मोदी का पंजाब दौरा: चंडीगढ़ में 4700 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात, वीडियो में जाने जालंधर में अमृत भारत स्टेशनों का करेंगे उद्घाटन; धमकी के बाद सुरक्षा बढ़ी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पंजाब दौरे पर पहुंच रहे हैं। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी चंडीगढ़ में करीब 4700 करोड़ रुपए की लागत वाले 10 विकास प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह जालंधर जाएंगे, जहां देश के 75 अमृत भारत योजना के तहत विकसित किए गए रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी जालंधर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे और इस दौरान प्रमुख डेरों के संतों से मुलाकात भी करेंगे।

चंडीगढ़ में 10 परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री मोदी चंडीगढ़ में जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, उनकी कुल लागत करीब 4700 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है।इसके बाद पीएम मोदी जालंधर पहुंचेंगे, जहां रेलवे से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किए गए 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा।

2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे को राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है। पंजाब में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पीएम की इस यात्रा को राज्य में बीजेपी की राजनीतिक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।जनसभा और संतों से मुलाकात के जरिए पार्टी पंजाब में अपना जनाधार मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।

सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी

प्रधानमंत्री के चंडीगढ़ पहुंचने से पहले पंजाब और हरियाणा सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर यह धमकी दी गई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हुईं और एहतियात के तौर पर पूरी बिल्डिंग को खाली करवा दिया गया।पुलिस और सुरक्षा टीमों ने सचिवालय परिसर की जांच शुरू कर दी। फिलहाल धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और कॉल के स्रोत की जांच की जा रही है।

शिवसेना नेताओं को नजरबंद, यूथ कांग्रेस नेता हिरासत में

पीएम मोदी के पंजाब दौरे को देखते हुए लुधियाना में शिवसेना नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय प्रधान संजीव घनौली ने पहले ऐलान किया था कि लुधियाना में शिवसेना नेताओं पर दर्ज कथित झूठे मामलों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले का घेराव किया जाएगा।वहीं, पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभम शर्मा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पंजाब और चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। पुलिस, खुफिया एजेंसियां और सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं।धमकी और विरोध प्रदर्शन की घोषणाओं के बाद प्रशासन किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। पीएम मोदी के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Share this story

Tags