चंडीगढ़–दिल्ली फ्लाइट में यात्री का हंगामा, फुटेज में देंखे विंडो तोड़ी; मेडिकल जांच के बाद 30 दिन के लिए नो-फ्लाई लिस्ट में शामिल
चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही एक एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट में बीते रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री ने बीच हवा में अचानक हंगामा शुरू कर दिया। घटना के दौरान यात्री ने फ्लाइट की विंडो का शीशा तोड़ दिया और क्रू मेंबर्स के साथ अभद्र व्यवहार भी किया।
हालात बिगड़ते देख केबिन क्रू ने तुरंत स्थिति को संभालने की कोशिश की और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्री को नियंत्रित किया। इसके बाद फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया।दिल्ली पहुंचने के बाद आरोपी यात्री को तुरंत सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर उसने भागने की भी कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
इस घटना के बाद यात्री के परिजनों ने दावा किया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। बाद में की गई मेडिकल जांच में भी परिजनों के दावे की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे मानसिक स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए 30 दिनों के लिए ‘नो-फ्लाई लिस्ट’ में शामिल कर दिया गया।विमानन सुरक्षा नियमों के तहत इस तरह की घटनाओं को गंभीर माना जाता है और यात्रियों के व्यवहार की समीक्षा के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाती है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

