भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर CBI की रेड, फुटेज में देंखे 8 ठिकानों पर छापेमारी; OSD राजबीर घुम्मन समेत 6 के खिलाफ FIR
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस में मंगलवार शाम केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े अधिकारियों और अन्य लोगों पर लगे कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के तहत की गई। CBI ने चंडीगढ़ के अलावा पंजाब के कई जिलों में कुल 8 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन और दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
8 जगहों पर एक साथ पहुंची CBI की टीमें
CBI की टीमें चंडीगढ़ के साथ मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। जांच एजेंसी के मुताबिक, ये सभी स्थान FIR में नामजद आरोपियों या उनसे जुड़े लोगों से संबंधित हैं। सर्च के दौरान मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
OSD राजबीर घुम्मन समेत 6 के खिलाफ केस
CBI ने मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले में ट्रांसफर-पोस्टिंग, टेंडर, नीतिगत फैसलों और अन्य सरकारी कामकाज में कथित भ्रष्टाचार और प्रभाव के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। ये आरोप पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से पंजाब पुलिस के सामने उठाए गए थे।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI जांच
मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंचा था। 5 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने CBI को FIR दर्ज कर मामले की जांच करने का निर्देश दिया। कोर्ट का आदेश ED की ओर से लगाए गए आरोपों और पंजाब पुलिस की ओर से कथित तौर पर पर्याप्त कार्रवाई नहीं किए जाने से जुड़े मामले में आया। इसके बाद CBI ने केस दर्ज किया और मंगलवार को मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस समेत आठ ठिकानों पर तलाशी ली। एजेंसी का कहना है कि बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
पंजाब सरकार पहुंची सुप्रीम कोर्ट
हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। सरकार ने मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को उसी दिन तत्काल सुनवाई करने से इनकार किया, हालांकि मामले को बुधवार या गुरुवार को सूचीबद्ध किए जाने की बात कही गई।
CBI ने घुम्मन को पूछताछ के लिए बुलाया
छापेमारी के अगले दिन CBI ने OSD राजबीर सिंह घुम्मन समेत सभी छह आरोपियों को पूछताछ के लिए तलब किया है। घुम्मन को बुधवार दोपहर चंडीगढ़ स्थित CBI कार्यालय में पेश होने को कहा गया है। जांच एजेंसी अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। मामले में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप अभी जांच का विषय हैं और आरोपियों के खिलाफ दोष सिद्ध होना अदालत की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।

