मटौर बॉर्डर पर होमगार्ड जवान की निहंग ने की पिटाई, वीडियो में देंखे वर्दी की डोरी पकड़कर खींचा और थप्पड़ मारे
चंडीगढ़-मोहाली के मटौर बॉर्डर पर एक होमगार्ड जवान के साथ निहंग द्वारा मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में एक निहंग होमगार्ड जवान की वर्दी पर लगी लैनयार्ड यानी डोरी पकड़कर उसे खींचता और थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह जवान के साथ गाली-गलौज भी करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो निहंग ने खुद शूट करवाया और बाद में सोशल मीडिया पर शेयर किया।
मारपीट का शिकार हुए होमगार्ड जवान की पहचान रविंदर के रूप में हुई है। वह चंडीगढ़ में तैनात है। जानकारी के मुताबिक, रविंदर मोहाली में रहने वाली अपनी बहन से मिलने गया था। वहां से वह मोटरसाइकिल पर चंडीगढ़ वापस लौट रहा था। इसी दौरान मटौर बॉर्डर पर उसकी निहंग से कहासुनी हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
मटौर बॉर्डर पर उस समय चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। बताया जा रहा है कि कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस बल तैनात था। इसी स्थान पर निहंग ने होमगार्ड जवान को घेर लिया। वीडियो में निहंग जवान की वर्दी पर लगी लैनयार्ड पकड़कर उसे अपनी ओर खींचता है और फिर थप्पड़ मारता दिखाई देता है।वीडियो में निहंग होमगार्ड जवान पर शराब पीकर ड्यूटी करने और ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने जैसे आरोप लगाता नजर आ रहा है। वह जवान के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी करता है। दूसरी ओर, होमगार्ड जवान कई बार उसके सामने हाथ जोड़ता दिखाई देता है।
घटना के बाद होमगार्ड जवान के शराब के नशे में होने के आरोप की भी जांच की गई। पुलिस की जांच में फिलहाल उसके शराब के नशे में होने की बात सामने नहीं आई है। इसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले निहंग की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि आरोपी निहंग कौमी इंसाफ मोर्चा से जुड़ा हुआ है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही उसकी भूमिका और घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। पुलिस वीडियो को जांच का अहम आधार मानकर मामले की पड़ताल कर रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खासकर उस समय जब मटौर बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस की बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी।पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान करने के साथ घटना के दौरान मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा सकती है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी। फिलहाल आरोपी निहंग की तलाश जारी है और जांच के बाद ही उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

