गयाजी में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, 50 मीटर दूर मिली बाइक और मोबाइल: परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, बोले- कहीं और हत्या कर शव पटरी पर फेंका
बिहार के गयाजी जिले के वजीरगंज में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से करीब 50 मीटर की दूरी पर उसकी बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इस घटनाक्रम के बाद युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुनवां गांव निवासी सहदेव चौधरी उर्फ साहेब चौधरी (35) के रूप में हुई है। वह बाइक सर्विसिंग और उसके पुर्जों की बिक्री का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे एक फोन आने के बाद सहदेव घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शुक्रवार तड़के उनका शव गया-किऊल रेलखंड पर रघुनाथपुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिला।
शव से 50 मीटर दूर मिली बाइक और मोबाइल
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में शव के पास से करीब 50 मीटर दूर युवक की बाइक और मोबाइल फोन मिले। इन दोनों चीजों का शव से दूर मिलना जांच का अहम बिंदु बन गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की बाइक और मोबाइल वहां कैसे पहुंचे और घर से निकलने के बाद वह कहां गया था।
रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना सबसे पहले मालगाड़ी के चालक ने दी थी। उसने ट्रैक पर शव देखकर ट्रेन रोक दी और स्टेशन प्रबंधक को जानकारी दी। इसके बाद रेलकर्मी और वजीरगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। रात में अंधेरा होने के कारण तत्काल शव की पहचान नहीं हो सकी। शुक्रवार सुबह मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का लगाया आरोप
सहदेव की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार के लोग और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने इसे सामान्य रेल हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों का कहना है कि सहदेव की हत्या किसी दूसरी जगह की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया।युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए गया-राजगीर राष्ट्रीय राजमार्ग-82 पर बगाही मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया। इससे कुछ समय तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
मोबाइल की जांच से खुल सकते हैं राज
पुलिस मामले की जांच दुर्घटना और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और टावर लोकेशन की जांच कर रही है, ताकि पता चल सके कि घर से निकलने के बाद वह कहां गया था और आखिरी बार किससे संपर्क में था।
पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

