मंदिर में भोजपुरी गाना बजाने के विवाद में युवक की हत्या, वीडियो में देंखे विरोध करने पर पीट-पीटकर गला दबाया; गांव में तनाव
बिहार के समस्तीपुर जिले में मंदिर परिसर में भोजपुरी गाना बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोगों ने पहले युवक की बेरहमी से पिटाई की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में शनिवार को एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ब्रह्म काली मंदिर में पूजा के दौरान भोजपुरी गाना बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी विवाद में 22 वर्षीय विजय कुमार की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई है। वह राजस्थान में मजदूरी का काम करता था और करीब तीन साल बाद एक महीने पहले ही अपने गांव लौटा था। परिवार के लोगों के मुताबिक, विजय का घर मंदिर के पास ही है और घटना के समय मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना चल रही थी।
मृतक के चचेरे भाई उमेश पंडित ने बताया कि मंदिर के पास कुछ लोग डांस करते हुए तेज आवाज में भोजपुरी गाने बजा रहे थे। विजय ने उनसे अनुरोध किया कि मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल को देखते हुए भोजपुरी गानों की जगह भजन या धार्मिक गीत बजाए जाएं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सन्नी नाम के युवक और उसके साथियों ने विजय पर हमला कर दिया। पहले उसकी लाठी-डंडों और मुक्कों से पिटाई की गई। विजय ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वह उनका सामना नहीं कर सका। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। हत्या के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
इस घटना ने एक बार फिर छोटे विवादों के हिंसक रूप लेने और धार्मिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने की आवश्यकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

