‘आप दिल्ली में बैठते हैं, बिहारियों का मजाक उड़ाते हैं’, प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर बयानों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इस बीच जन सूरज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी पर दिल्ली में बैठकर बिहारियों का मजाक उड़ाने और फिर बिहार आकर ज्ञान बांटने का आरोप लगाया। प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी को बिहार के किसी गांव में एक रात बिताने की चुनौती दी।
क्या कहा प्रशांत किशोर ने
न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में प्रशांत किशोर ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार आते-जाते रहते हैं, लेकिन असल में यात्रा नहीं करते। अगर राहुल गांधी ने कभी बिहार के किसी गांव में एक रात भी बिताई हो तो मुझे बताएं। अगर वह किसी गांव में एक रात भी बिता सकें तो हम इसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली में बैठकर बिहारियों पर हंसते हैं। फिर यहां आकर हमें उपदेश देते हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर भी साधा निशाना
इंटरव्यू के दौरान प्रशांत किशोर ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर भी निशाना साधा और माफी मांगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि रेवंत रेड्डी तेलंगाना के मुख्यमंत्री हैं। उन्हें मुख्यमंत्री बने दो साल हो गए हैं। उससे पहले वे टीडीपी में थे और उससे पहले वे आरएसएस और बीजेपी में थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने आधिकारिक तौर पर कहा कि मजदूर के तौर पर काम करना बिहारियों के डीएनए में है। बिहारी मजदूर के तौर पर काम करने के लिए ही पैदा होते हैं।