बिहार के 19 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड; अगले 48 घंटे में 3 डिग्री तक गिरेगा न्यूनतम तापमान
बिहार में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। नवंबर के आखिरी सप्ताह में सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होने लगी है। इस बीच मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 नवंबर को पटना समेत बिहार के 19 जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
पिछले 24 घंटे के दौरान समस्तीपुर और बेगूसराय में घना कोहरा दर्ज किया गया। यहां सुबह के समय दृश्यता 100 मीटर से भी कम हो गई थी। इससे सड़क और हाईवे पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिन में धूप, सुबह और रात में बढ़ेगी ठंड
मौसम के बदलते मिजाज के बीच दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी, जबकि सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप तेज रहती है, लेकिन रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आती है।
उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं भी मौसम को प्रभावित कर रही हैं। आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ सकती है।
इन जिलों में कोहरे का असर
उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री रहने का अनुमान है।
उत्तर-मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री रह सकता है।
उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में भी न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री रह सकता है। वहीं पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री तक रहने की संभावना है।
वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह
सुबह के समय कोहरा छाने से सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और आगे चल रहे वाहनों से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
मौसम में बदलाव के साथ लोगों को सुबह और रात में गर्म कपड़े पहनने की जरूरत है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतनी चाहिए।

