दिल्ली समेत उत्तर भारत में मौसम ने ली करवट: बेमौसम बारिश से राहत, अगले कुछ दिनों में फिर बदलाव के संकेत
देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित विभिन्न हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश ने लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत दिलाई है और मौसम सुहावना हो गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे दिनभर मौसम ठंडा और आरामदायक बना रह सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल राजधानी में मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहेगा, लेकिन हल्के बादलों की मौजूदगी बनी रह सकती है। इस बदलाव के चलते लोगों को दिन में गर्मी से राहत मिली है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का एहसास हो रहा है।
हालांकि, आईएमडी ने यह भी संकेत दिया है कि मौसम का यह सुहावना दौर ज्यादा दिनों तक स्थिर नहीं रहेगा। विभाग के मुताबिक, दो दिन बाद यानी गुरुवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हो रहा है, जिसके चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में बादल छाने और बारिश की स्थिति बन रही है।फि लहाल मौसम के इस उतार-चढ़ाव से आम लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में फिर से मौसम बदलने की संभावना के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

