बिहार में फिर बदला मौसम, चक्रवात अर्नब का असर तेज; पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार में मानसून की विदाई की तैयारियों के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों से बिहार के अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 25 और 26 सितंबर को राज्य में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है।
पूर्णिया और सीमांचल के इलाकों में इस मौसम सिस्टम का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के करीब होने के कारण पूर्णिया में लगातार बारिश का दौर बना हुआ है। शहर में बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश गुरुवार तक रुक-रुककर जारी रही। पिछले 24 घंटे में पूर्णिया में 48 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई।
पूर्णिया में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पूर्णिया में 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना है। इसके अलावा 28 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में भी लोगों को बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है।
बारिश के साथ आंधी का भी असर
पूर्णिया के बायसी इलाके में गुरुवार को तेज आंधी और बारिश से नुकसान की खबर सामने आई। गंगार पंचायत के मालोपाड़ा तेलंगा और शेरण पोखर गांवों में तेज हवा के कारण 50 से अधिक घरों के टिन के छप्पर उड़ गए, जबकि कई कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त हुए। एक बड़ा पेड़ भी तेज हवा के कारण गिर गया। प्रशासन ने नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं।
कई जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 25 सितंबर को बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी बिहार के कई जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं मध्य बिहार के कई हिस्सों और उत्तर-पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में भी बारिश का पूर्वानुमान है। पटना समेत कई जिलों में पिछले करीब 36 घंटे से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है।
मानसून की विदाई पर भी असर
आमतौर पर सितंबर के अंतिम सप्ताह में बिहार समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो जाती है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के कारण बारिश का दौर आगे बढ़ गया है। ताजा मौसम अपडेट के मुताबिक चक्रवात अर्नब से जुड़ा सिस्टम पूर्वी भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है और बिहार में भी बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने 25 और 26 सितंबर को बिहार के लिए भारी बारिश तथा गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है, जबकि 27 सितंबर को भी कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 28 सितंबर से राज्य के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
ऐसे में बिहार के लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जाती है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति भी बन सकती है।

