Samachar Nama
×

53 गेंदों में 200 रन ठोक वैभव ने मचाया तहलका, वीडियो में देखें गांव में पटाखे फोड़कर मनी दिवाली 

वैभव के दोहरे शतक पर गांव में मनी दिवाली

बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड स्थित मोतीपुर गांव में मंगलवार को दिवाली जैसा माहौल देखने को मिला। घरों के बाहर पटाखे फूटे, लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और बधाई देने के लिए क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के घर पहुंचने लगे। मौका था राइजिंग स्टार एशिया कप में UAE के खिलाफ वैभव की ऐतिहासिक बल्लेबाजी का। उन्होंने महज 53 गेंदों में 200 रन बनाकर क्रिकेट जगत में नया रिकॉर्ड कायम किया।

वैभव की इस तूफानी पारी की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के लोग टीवी पर मैच देख रहे थे। उनकी बल्लेबाजी देखकर ग्रामीण रोमांचित हो उठे। लोगों का कहना था कि वैभव जिस तेजी से मैदान के चारों ओर शॉट लगा रहे थे, उसे देखकर ऐसा लग रहा था मानो टीवी पर क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि कोई कंप्यूटर गेम चल रहा हो।

घर पर जुटने लगे ग्रामीण

दोहरे शतक की खबर मिलते ही लोग अपने घरों से निकलकर वैभव के घर पहुंचने लगे। परिवार के सदस्यों के साथ ग्रामीणों ने भी आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। गांव में हर तरफ वैभव की उपलब्धि की चर्चा होने लगी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इस ऐतिहासिक पारी को लेकर उत्साहित नजर आए।

चाचा बोले- वैभव ने विरोधियों का मुंह बंद कर दिया

वैभव के चाचा संजीव सूर्यवंशी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि आज वैभव ने अपने बल्ले से विरोधियों का मुंह बंद कर दिया है। महज 53 गेंदों में दोहरा शतक लगाना असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि वैभव ने केवल 28 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था। इसके बाद अगली 25 गेंदों में 100 रन और जोड़कर दोहरा शतक जड़ दिया।

संजीव सूर्यवंशी ने कहा कि वैभव ने अपनी मेहनत और परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उसका बल्ला बोलता है। परिवार को उम्मीद है कि वह आने वाले मुकाबलों में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करेगा। उन्होंने वैभव को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गांव को अपने लाल पर गर्व

वैभव की इस उपलब्धि ने मोतीपुर गांव को देशभर में चर्चा में ला दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी पारी खेलना गर्व की बात है। परिवार और गांव के लोगों को उम्मीद है कि वैभव आगे भी इसी तरह नए रिकॉर्ड बनाकर देश और अपने गांव का नाम रोशन करेगा।

Share this story

Tags