BPSC TRE-4 की मांगों को लेकर पटना में बवाल, फुटेज में देंखे CM हाउस घेराव निकले छात्रों पर वाटर कैनन और लाठीचार्ज; DSP घायल
पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को उग्र हो गया। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सड़कों पर उतर आए। छात्रों की मांग है कि TRE-4 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में PT और मुख्य परीक्षा की व्यवस्था को लेकर स्पष्टता दी जाए, नेगेटिव मार्किंग हटाई जाए और भर्ती में 100 प्रतिशत बिहार डोमिसाइल लागू किया जाए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस के साथ CRPF जवानों की भी तैनाती की गई थी।
छात्रों के मार्च को रोकने के लिए जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए और डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए। यहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। इस दौरान छात्रों और CRPF जवानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।वाटर कैनन की बौछार के बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। प्रदर्शन के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें कुछ छात्र पानी की बौछार के बीच शैंपू लगाकर नहाते हुए नजर आए। छात्रों का कहना था कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे और सरकार को उनकी बात सुननी होगी।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ छात्रों की ओर से पुलिस पर पत्थरबाजी किए जाने की बात सामने आई। पत्थरबाजी में टाउन DSP कामाख्या नारायण सिंह घायल हो गए। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आने की जानकारी है। दूसरी ओर प्रदर्शन के दौरान एक छात्र का सिर फट गया, जबकि एक छात्रा के बेहोश होने की भी खबर है।
हालात लगातार बिगड़ने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। मौके पर पुलिसकर्मियों ने भीड़ को पीछे हटाने की कोशिश की और कुछ छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। लाठीचार्ज के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।छात्र संगठनों का कहना है कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया में उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारी PT-मेन व्यवस्था, नेगेटिव मार्किंग और डोमिसाइल नीति को लेकर अपनी मांगों पर सरकार से स्पष्ट निर्णय चाहते हैं। छात्रों का आंदोलन गर्दनीबाग में पहले से जारी था, लेकिन मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के प्रयास के बाद स्थिति ज्यादा तनावपूर्ण हो गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लेती है, तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। फिलहाल पटना में छात्रों के आंदोलन को लेकर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।

