नालंदा में तेज रफ्तार का कहर, साइकिल और बाइक की टक्कर में दो किशोरों की मौत, एक गंभीर

नगरनौसा थाना क्षेत्र के कोरारी गांव में गुरुवार को तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो किशोरों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है। मृतक साइकिल सवार की पहचान फौजदारी बिगहा गांव निवासी मनोज यादव के 15 वर्षीय पुत्र रविश कुमार के रूप में हुई है। वह करायपशुराय से पढ़ाई कर साइकिल से घर लौट रहा था। वहीं, मृतक बाइक सवार की पहचान कोरारी गांव निवासी छोटे पासवान के 16 वर्षीय पुत्र विनंत कुमार के रूप में हुई है। घायल किशोर की पहचान कोरारी गांव निवासी कमलेश पासवान के पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। कैसे हुई दुर्घटना? स्थानीय लोगों के अनुसार, विनंत कुमार तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। जैसे ही वह कोरारी गांव स्थित हरेंद्र पासवान के घर के पास पहुंचा, उसने विपरीत दिशा से आ रहे रविश कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर हरेंद्र पासवान के घर का शटर तोड़ते हुए सीधे कमरे में जा घुसी।
हादसे में रविश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रविश को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान विनंत कुमार की भी मौत हो गई। सन्नी कुमार का इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस कार्रवाई
नगरनौसा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पवन ने बताया कि हादसे में दो किशोरों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है।