Samachar Nama
×

पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर पटना में बदला ट्रैफिक प्लान: आज रात 10 बजे से कई रास्तों पर प्रतिबंध, गांधी सेतु और जेपी सेतु से जा सकेंगे छोटे वाहन

पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर पटना में बदला ट्रैफिक प्लान: आज रात 10 बजे से कई रास्तों पर प्रतिबंध, गांधी सेतु और जेपी सेतु से जा सकेंगे छोटे वाहन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पटना यातायात पुलिस ने विशेष यातायात योजना जारी की है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह व्यवस्था 20 नवंबर की रात 10 बजे से लागू होगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, कच्ची दरगाह छह लेन पुल से वैशाली के बनारसी चौक की ओर जाने वाले भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। यह प्रतिबंध 21 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने और वहां पहुंचे सभी वाहनों के सुरक्षित निकलने तक लागू रहेगा।

दीदारगंज से कच्ची दरगाह पुल पर बदली व्यवस्था

20 नवंबर की रात 10 बजे से 21 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने तक दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह छह लेन पुल के ऊपर पश्चिमी लेन में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों के लिए अलग रास्ता निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह पुल के नीचे से विपरीत दिशा में रैंप के रास्ते पूर्वी लेन से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे। इस मार्ग का उपयोग कार्यक्रम शुरू होने से पहले तक किया जा सकेगा।

गांधी सेतु और जेपी सेतु से जा सकेंगे छोटे वाहन

पटना से वैशाली में कार्यक्रम में शामिल होने जाने वाले निजी और छोटे वाहन गांधी सेतु या जेपी सेतु का इस्तेमाल कर सकेंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित रास्तों का पालन करने और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।

इन रास्तों से बचने की सलाह

कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को हवाई अड्डा, शहीद पीर अली मार्ग, हार्डिंग रोड, अटल पथ, दीघा गोलंबर और जेपी गंगा पथ की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है। इसके बजाय अशोक राजपथ और बेली रोड सहित अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को कहा गया है।

यातायात पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

पटना यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले यातायात व्यवस्था का ध्यान रखें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके। किसी भी तरह की जानकारी या परेशानी होने पर यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 0612-2219151 और 9470630615 पर संपर्क किया जा सकता है।यातायात पुलिस का उद्देश्य प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की आवाजाही को सुचारु रखना है।

Share this story

Tags