Samachar Nama
×

भोजपुर के एक घर से तीन सगे भाई 45 दिनों से लापता, 13 बच्चे रोज पूछते हैं- पापा कब आएंगे; कर्ज लेकर घर चला रहीं पत्नियां

भोजपुर के एक घर से तीन सगे भाई 45 दिनों से लापता, 13 बच्चे रोज पूछते हैं- पापा कब आएंगे; कर्ज लेकर घर चला रहीं पत्नियां

बिहार के भोजपुर जिले में एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों के अचानक लापता होने से घर में मातम जैसा माहौल है। तीनों भाई करीब डेढ़ महीने से गायब हैं। उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं। घर पर उनकी पत्नियां और 13 बच्चे इंतजार कर रहे हैं। बच्चों का रोज अपनी मां से एक ही सवाल होता है- पापा कब आएंगे? परिवार की आर्थिक स्थिति भी लगातार बिगड़ रही है। पत्नियों का कहना है कि घर चलाने के लिए अब उन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है।

लापता भाइयों की पहचान ललन तुरहा, छोटे लाल तुरहा और सतेंद्र तुरहा के रूप में हुई है। तीनों भोजपुर जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र के मारहा संजोईल गांव के रहने वाले हैं। परिवार के मुताबिक, तीनों करीब तीन महीने पहले रोजी-रोटी की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे गए थे। वहां कुछ समय तक काम करने के बाद वे घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही उनका संपर्क टूट गया।

पुणे रेलवे स्टेशन तक हुई थी आखिरी बातचीत

परिजनों के अनुसार, तीनों भाई पुणे रेलवे स्टेशन तक पहुंचे थे। वहां से उन्होंने परिवार के लोगों से बातचीत भी की थी। इसके बाद अचानक उनके मोबाइल फोन बंद हो गए। परिवार ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की गई, मगर तीनों का कोई सुराग नहीं मिला।

करीब 45 दिन बीत जाने के बाद भी भाइयों की कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार के लोग अनहोनी की आशंका में परेशान हैं।

13 बच्चों को रोज रहता है पिता का इंतजार

तीनों भाइयों के परिवार में कुल 13 बच्चे हैं। बच्चे रोज अपनी मां से पिता के लौटने के बारे में पूछते हैं। पत्नियों के लिए बच्चों को जवाब देना मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि पहले पति काम करके घर का खर्च चलाते थे, लेकिन अब उनके गायब होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

पत्नियों के मुताबिक, घर का खर्च चलाने और बच्चों की जरूरतें पूरी करने के लिए उन्हें दूसरों से कर्ज लेना पड़ रहा है। परिवार की महिलाओं ने प्रशासन से तीनों भाइयों को जल्द खोजने की गुहार लगाई है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, कंपनी तक पहुंची जांच

परिजनों ने तीनों भाइयों की तलाश के लिए पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पुणे के स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जानकारी भोजपुर पुलिस को भी दी गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस संबंधित कंपनी तक पहुंची और वहां तीनों भाइयों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

तीनों की पत्नियां राजकुमारी देवी, सुशीला देवी और कविता देवी अपनी सास के साथ भोजपुर एसपी कार्यालय भी पहुंची थीं। उन्होंने अधिकारियों से जल्द खोजबीन कराने की मांग की। पुलिस की ओर से परिवार को तलाश तेज करने का भरोसा दिया गया है।

Share this story

Tags