बेगूसराय में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, सोना-हीरा और चांदी के कीमती आभूषणों पर किया हाथ साफ
बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के पश्चिम मोहल्ले में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नगर परिषद बरौनी के वार्ड नंबर-7 स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोर करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये के सोने, हीरे और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर में रखे 75 हजार रुपये नकद और जमीन के मूल दस्तावेज भी गायब मिले हैं। इतनी बड़ी चोरी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, परिवार 29 अक्टूबर को मकान में ताला लगाकर बेंगलुरु गया हुआ था। करीब 19 दिनों तक घर बंद रहा। 17 नवंबर की रात जब परिवार वापस लौटा तो मकान के कमरों के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घर की तलाशी लेने पर पता चला कि चोर तीन गोदरेज अलमारियों के ताले और लॉकर तोड़कर कीमती सामान ले गए हैं।
तीन अलमारियों के लॉकर तोड़कर निकाले गहने
चोरी हुए सामान में सोने, हीरे और चांदी के कई आभूषण शामिल हैं। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर अलमारियों में रखे गहनों के साथ 75 हजार रुपये नकद और जमीन के मूल कागजात भी ले गए। चोरी हुए आभूषण परिवार की मां, बहन और भाभी के बताए जा रहे हैं। इनमें कुछ पुश्तैनी गहने भी शामिल थे। परिवार ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई है।
24 नवंबर को होनी है शादी, खुशियों के घर में पसरा मातम
इस घटना ने परिवार की खुशियों को भी प्रभावित कर दिया है। घर में 24 नवंबर को भाई की शादी होनी है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन उससे पहले हुई इस बड़ी चोरी ने सभी को झकझोर दिया। पुश्तैनी गहनों की चोरी से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ भावनात्मक आघात भी पहुंचा है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर फुलवरिया थानाध्यक्ष विजय सहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गुरुवार को फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से वैज्ञानिक जांच के लिए नमूने एकत्र किए। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरों ने मकान में किस रास्ते से प्रवेश किया और लंबे समय से बंद घर में चोरी की वारदात को किस तरह अंजाम दिया। फिलहाल आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

