चिराग पासवान से लड़की ने पूछा- CM बन गए तो क्या करेंगे? बोले- उससे बड़ी पदवी तो 'चिराग भैया' बना दिया
पटना में आयोजित Gen-Z युवाओं के संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान से एक छात्रा ने ऐसा सवाल पूछ लिया, जिस पर उनका जवाब चर्चा में आ गया। छात्रा ने पूछा कि अगर वह बिहार के मुख्यमंत्री बन जाएं तो सबसे पहले क्या करेंगे? चिराग पासवान ने सवाल का जवाब गंभीर राजनीतिक घोषणा के बजाय हल्के-फुल्के अंदाज में दिया।चिराग पासवान ने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री बनने से भी बड़ी पदवी युवाओं ने उन्हें पहले ही दे दी है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि युवाओं ने उन्हें अपना ‘चिराग भैया’ बना दिया है। उनके इस जवाब पर कार्यक्रम में मौजूद युवाओं की प्रतिक्रिया भी देखने को मिली।
यह संवाद पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में आयोजित ‘Youth BOLE TO’ कार्यक्रम के दौरान हुआ। कार्यक्रम में चिराग पासवान ने Gen-Z युवाओं और छात्र-छात्राओं से करीब 50 मिनट तक सीधा संवाद किया। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर और युवाओं से जुड़े कई मुद्दों पर सवाल पूछे गए।चिराग पासवान ने युवाओं से कहा कि वे पढ़ाई और अनुभव के लिए दूसरे शहरों या राज्यों में जाएं, लेकिन अनुभव हासिल करने के बाद बिहार लौटकर राज्य के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि इतनी प्रतिभा होने के बावजूद बिहार विकास के मामले में पीछे क्यों रह गया।
रोजगार और हुनर से जुड़े सवालों पर भी चिराग ने युवाओं से बातचीत की। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल को पहचानने और उसका इस्तेमाल करने की बात कही। उन्होंने अपने फिल्मी करियर का उदाहरण देते हुए कहा कि वह फिल्मों में सफल नहीं हो सके, लेकिन बाद में जिस क्षेत्र में हैं, उसमें पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़े।कार्यक्रम में युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दे भी उठाए। चिराग ने कहा कि युवाओं को अपनी समस्याएं और सवाल खुलकर सामने रखने चाहिए। उनका कहना था कि सवाल उठेंगे तो समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता भी निकलेगा।
राजनीति में युवाओं की भागीदारी को लेकर भी चिराग पासवान ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को राजनीति में आना चाहिए और डिग्री हासिल करने वाले युवाओं की भागीदारी से राजनीति में नई सोच आ सकती है।कार्यक्रम का मकसद युवाओं को सीधे संवाद का मंच देना था। शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता और तकनीक जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री बनने से जुड़ा छात्रा का सवाल और उस पर चिराग पासवान का हल्का-फुल्का जवाब कार्यक्रम के चर्चित हिस्सों में रहा।

