खान सर की गिरफ्तारी पर सस्पेंस बरकरार: वीडियो में जाने सरेंडर की चर्चा के बीच रातभर कोचिंग के बाहर डटे रहे छात्र
पटना में चर्चित शिक्षक और ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक Khan Sir को लेकर चल रहा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में खान सर के सिविल कोर्ट में सरेंडर करने की चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, पटना पुलिस की कार्रवाई के बावजूद खान सर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जानकारी के मुताबिक पुलिस की पांच गाड़ियां रातभर अलग-अलग समय पर उनकी कोचिंग संस्थान पहुंचीं। पुलिस ने परिसर और आसपास के इलाकों में निगरानी बनाए रखी, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी खान सर पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं।
रातभर कोचिंग के बाहर बैठे रहे छात्र
मामले के बीच खान सर के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग सेंटर के बाहर जुटे रहे। रातभर छात्र वहीं डटे रहे और पुलिस की अपील के बावजूद हटने को तैयार नहीं हुए। पुलिस की गाड़ियों से लगातार अनाउंसमेंट किया जाता रहा कि छात्र वहां से हट जाएं और अपने घर लौट जाएं, लेकिन समर्थक छात्रों ने मौके पर डटे रहने का फैसला किया।स्थिति को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
खान सर को लेकर अलग-अलग दावे
खान सर की मौजूदगी को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। उन्हें जानने वाले कुछ लोगों का दावा है कि वह अभी भी कोचिंग संस्थान के भीतर मौजूद हैं। वहीं, कुछ अन्य लोगों का कहना है कि वह वहां नहीं हैं और किसी अन्य स्थान पर चले गए हैं।इन विरोधाभासी दावों के कारण पुलिस और आम लोगों के बीच लगातार अटकलों का दौर जारी है। आधिकारिक तौर पर किसी भी एजेंसी ने खान सर की लोकेशन को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।
छात्रों को मिला क्लास का मैसेज
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है। कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों के मोबाइल पर एक संदेश भेजा गया है, जिसमें लिखा गया है कि "आज भी सर की क्लास होगी।"इस मैसेज के बाद चर्चाओं का बाजार और गर्म हो गया है। छात्र इसे इस बात का संकेत मान रहे हैं कि खान सर संस्थान से जुड़े हुए हैं और सामान्य गतिविधियां जारी रखने की तैयारी है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि क्लास ऑनलाइन होगी या ऑफलाइन।
पूरे मामले पर बनी हुई है नजर
हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर आरोपों के बीच खान सर की गिरफ्तारी, संभावित सरेंडर और उनकी मौजूदगी को लेकर स्थिति लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस की कार्रवाई और कोर्ट में होने वाले अगले घटनाक्रम पर सभी की नजरें टिकी हैं।
फिलहाल, पटना में खान सर को लेकर बना सस्पेंस बरकरार है और आने वाले घंटों में मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आ सकता है।

