बिहार के जज से सुप्रीम कोर्ट बोला- बाहुबली मत बनिए, IPS को एक रुपये जुर्माना लगाने पर लगाई फटकार; वीडियो में जानें पूरा मामला
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक न्यायिक अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय बाहुबली जैसा व्यवहार नहीं करना चाहिए। मामला रोहतास जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (SP) रौशन कुमार को अदालत के आदेश पर FIR दर्ज नहीं करने के मामले में दोषी ठहराने और एक रुपये का जुर्माना लगाने से जुड़ा है।
23 नवंबर को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सासाराम के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार की याचिका पर सुनवाई की। जज ने पटना हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उनके फैसले पर रोक लगाई गई थी।
FIR दर्ज नहीं करने पर SP को सुनाई थी सजा
दरअसल, मामला साल 2023 के एक आपराधिक मुकदमे से जुड़ा है। इस मामले में अदालत ने झूठी गवाही देने के आरोपी व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था। आरोप था कि तत्कालीन SP रौशन कुमार ने आदेश के बावजूद FIR दर्ज नहीं कराई।
इसके बाद 29 सितंबर 2026 को न्यायाधीश अनिल कुमार ने पुलिस अधीक्षक को अदालत की अवमानना का दोषी ठहराते हुए एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया था। उन्होंने बिहार के पुलिस महानिदेशक को SP की सर्विस रिकॉर्ड में अदालत की टिप्पणियां दर्ज करने का निर्देश भी दिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने कानून की समझ पर उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अदालत के सामने किसी व्यक्ति का मारपीट करना, गाली देना या अदालत के निर्देश के बावजूद वहां से नहीं हटना अलग तरह का अपराध है। लेकिन अदालत के आदेश पर FIR दर्ज नहीं करना अपने आप में अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता।
पीठ ने कहा कि न्यायिक अधिकारी को अपनी शक्तियों और अधिकार क्षेत्र की सीमाएं समझनी चाहिए। जज को सलाह दी गई कि वे न्यायिक प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी जाएं।
हाईकोर्ट के आदेश पर लगी थी रोक
पटना हाईकोर्ट ने पहले ही SP पर लगाए गए एक रुपये के जुर्माने के आदेश पर रोक लगा दी थी। इसी आदेश को चुनौती देते हुए न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। शीर्ष अदालत ने उनकी कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए और कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद मामला चर्चा में आ गया है। अदालत ने न्यायिक अधिकारियों को अधिकार क्षेत्र के भीतर रहकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

