
प्रखंड क्षेत्र के एक गांव में किशोरी की दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या के मामले में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और कुढ़नी विधायक सह मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता किशोरी के घर पहुंचे। उनके काफिले में जिलाधिकारी सुब्रत सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रखंड प्रशासनिक कर्मी मौजूद थे। बंद झोपड़ीनुमा घर में पीड़िता की मां से उपमुख्यमंत्री और मंत्री ने घटना की जानकारी ली। इस हृदय विदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। पीड़िता के घर से निकलने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने ऐसे राक्षसी रवैये वाले लोगों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल के जरिए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने यह भी कहा कि वे दूसरी घटना के पीड़ितों से भी मिलेंगे और फिर अधिकारियों के साथ बैठक कर गहन जांच कराएंगे। इस दौरान भाजपा नेता धर्मेंद्र कुमार अबोध, सरपंच प्रतिनिधि उपेंद्र शर्मा, भाजपा नेता विनोद दास, अभिषेक कुमार प्रिंस, ई. दीपक कुमार सिंह, कृष्ण मुरारी मुरली, जदयू नेता सुमन सौरभ, दिलीप कुमार चुन्नू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
महादलित टोला मनियारी में रातों-रात खींचे गए बिजली के तार। उपमुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए रातों-रात बिजली के तार खींचे जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे लोग लंबे समय से इन सुविधाओं की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। कई बार गुहार लगाने के बाद भी प्रशासन उदासीन बना रहा। अब जब उपमुख्यमंत्री के आगमन का निर्णय हो गया है, तो प्रशासन नींद से जागा है और महादलित टोला में तेजी से विकास कार्य कराया जा रहा है।