मां के अवैध संबंध का विरोध करता था बेटा, प्रेमी से बोल करवा दी हत्या; बिहार में सनसनीखेज वारदात
पने ही 14 साल के बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, बेटा अपनी मां के प्रेम संबंध का विरोध करता था। इसी बात को लेकर मां और बेटे के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस ने मामले में आरोपी मां मानती देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
27 अक्टूबर को घर से निकला था मोहित
मृतक की पहचान दुर्गपुर गांव निवासी सत्येंद्र सिंह उर्फ अलगू के 14 वर्षीय बेटे मोहित राज के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मोहित करथ गांव स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। उसने एटीएम से 6 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वह घर लौट रहा था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचा।
परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन 28 अक्टूबर की सुबह करथ गांव स्थित बिरहर करहा के पास मोहित का शव मिला। उसके पिता सत्येंद्र सिंह के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मां के प्रेम संबंध का करता था विरोध
पुलिस की जांच में सामने आया कि मोहित की मां मानती देवी का गांव के ही संतोष कुमार सिंह के साथ प्रेम संबंध था। मोहित को इसकी जानकारी थी और वह इसका विरोध करता था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची।
पीरो के एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने बताया कि तकनीकी, वैज्ञानिक और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की गई। जांच के दौरान मां की भूमिका सामने आने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद मानती देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
प्रेमी और उसके साथियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, मानती देवी के इशारे पर उसके प्रेमी संतोष कुमार सिंह ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर मोहित की हत्या की। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर हत्या की और शव करथ गांव के पास फेंक दिया। हालांकि, इस मामले में संतोष कुमार सिंह और उसके साथियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
एसडीपीओ ने बताया कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
पिता ने पहले ही जताई थी आशंका
मोहित के पिता ने प्राथमिकी में संतोष कुमार सिंह समेत अन्य लोगों को नामजद किया था। उनका आरोप था कि संतोष का घर पर आना-जाना था और मोहित इसका विरोध करता था। इस बात को लेकर पहले भी विवाद और धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। अब पुलिस की जांच में मां की भूमिका सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है

