‘भरी पंचायत में थप्पड़ मारा, अपमान का बदला लेने के लिए की हत्या’, वीडियो में जाने आरोपी ने पुलिस पूछताछ में किया खुलासा
बिहार के सीवान जिले में हुई गुड्डू सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी पिंकू ने पुलिस पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने दावा किया कि पंचायत में हुए सार्वजनिक अपमान का बदला लेने के लिए उसने अपने चचेरे भाई गुड्डू सिंह की हत्या की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
पंचायत में अपमान से था नाराज
पुलिस के अनुसार, पचरुखी थाना क्षेत्र में बीते मंगलवार को हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार पिंकू ने बताया कि कुछ समय पहले उसे एक पंचायत में जबरन लाया गया था। वहां उसे जमीन पर बैठाया गया और सैकड़ों लोगों के सामने अपमानित किया गया।
आरोपी ने पूछताछ में कहा, "पंचायत में 500 से ज्यादा लोग मौजूद थे। मेरे चाचा ने सबके सामने मुझे थप्पड़ मारा। मैंने उनसे कहा था कि मेरी कोई गलती नहीं है, मैंने सिर्फ प्यार किया है। लेकिन उन्होंने मेरा पक्ष लेने के बजाय गांव वालों का साथ दिया।"
बदला लेने के लिए बनाई योजना
पिंकू ने पुलिस को बताया कि पंचायत में हुए अपमान के बाद उसके मन में बदले की भावना पैदा हो गई थी। वह अपने चाचा को सबक सिखाना चाहता था और इसी वजह से उसने उनके बेटे गुड्डू सिंह को निशाना बनाया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को भी यह मामला पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि विवाद की शुरुआत एक प्रेम प्रसंग को लेकर हुई थी, जिसके बाद पंचायत बुलाई गई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

