
बिहार सरकार के अधिकारियों के तबादले की प्रक्रिया चल रही है। नीतीश सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा के 16 अधिकारियों यथा अपर सचिव, संयुक्त सचिव, अपर समाहर्ता, उप सचिव एवं समकक्ष को इन सभी पदों पर तबादला कर दिया है। राज्यपाल के आदेश पर सरकार ने अवर सचिव विनोद कुमार सिंह के हस्ताक्षर से इसके लिए अधिसूचना भी जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी इस अधिसूचना में कहा गया है कि उपरोक्त अधिकारियों को उनके पदों से स्थानांतरित किया जाता है तथा वे अगले आदेश तक अधिसूचना में दिए गए स्थानों पर पदस्थापित हैं। पश्चिमी चंपारण के अपर समाहर्ता राजीव कुमार सिंह को बिहार के सूचना जनसंपर्क विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं सुपौल के अपर समाहर्ता राशिद कलीम अंसारी को सामान्य प्रशासन विभाग में प्रशासी पदाधिकारी बनाया गया है। समस्तीपुर के नगर आयुक्त कुमार देवेंद्र को जल संसाधन विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।