सिवान में ओसामा शहाब के ठिकानों पर पुलिस छापेमारी, DIG के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई
बिहार के सिवान में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक ओसामा शहाब के आवास पर पुलिस ने बड़ी छापेमारी की है। यह कार्रवाई पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब से जुड़े ठिकानों पर की गई।
जानकारी के अनुसार, डीआईजी निलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नवलपुर स्थित विधायक आवास और प्रतापपुर में पैतृक घर पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली और संदिग्ध दस्तावेजों व अन्य सामग्रियों की जांच की।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई किसी विशेष जांच या इनपुट के आधार पर की गई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
छापेमारी की खबर फैलते ही इलाके में हलचल बढ़ गई और बड़ी संख्या में लोग मौके के आसपास जुट गए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल इस मामले को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

