Samachar Nama
×

PM मोदी आज बिहार को देंगे नीतीश सेतु की सौगात, 19.76 किमी लंबे छह लेन पुल का करेंगे उद्घाटन

PM मोदी आज बिहार को देंगे नीतीश सेतु की सौगात, 19.76 किमी लंबे छह लेन पुल का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने 19.76 किलोमीटर लंबे कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित करेंगे। बिहार सरकार ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा है। इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम वैशाली जिले में आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 1:15 बजे नीतीश सेतु पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

गंगा पर बना है 19.76 किलोमीटर लंबा पुल

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल बिहार की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है। इसकी कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर बना 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है।

करीब 4,280 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस परियोजना को उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुल के चालू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही लोगों को गंगा पार करने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा।

नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया पुल

बिहार सरकार ने इस छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को इसकी घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

34,470 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की भी सौगात

प्रधानमंत्री अपने बिहार दौरे के दौरान करीब 34,470 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, ऊर्जा, शहरी आधारभूत सुविधाओं, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। साथ ही राज्य में 100 प्रधानमंत्री ई-बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी

Share this story

Tags