पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फ्रेंचाइजी के नाम पर 100 करोड़ की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार
राजधानी पटना पुलिस ने एक बड़े ठगी रैकेट का खुलासा करते हुए आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल कालरा और उनकी पत्नी को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक होटल से पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, यह पति-पत्नी मिलकर एक प्रतिष्ठित धुलाई कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करते थे। लोगों को आकर्षक मुनाफे और बिजनेस के झांसे में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस फर्जीवाड़े के जरिए अब तक करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी की जा चुकी है। बीते सोमवार को पटना पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत गुरुग्राम से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ठगी की रकम का इस्तेमाल कहां किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के बड़े फर्जीवाड़े के मामलों में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल, आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

