बिहार में साइबर ठगी की रकम खपाने में पटना सबसे आगे, म्यूल खातों में 13.81 करोड़ का लेन-देन; 38 जिलों में 1.09 लाख खाते चिह्नित
बिहार में साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों के जरिए खपाने का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (सीसीएसयू) के फंड फ्लो डेटा के विश्लेषण में सितंबर और अक्टूबर के दौरान संदिग्ध बैंक खातों में हुए लेन-देन का खुलासा हुआ है। इसमें राजधानी पटना सबसे आगे है। राज्य के 38 जिलों में चिह्नित संदिग्ध म्यूल खातों में सबसे अधिक 13.81 करोड़ रुपये का लेन-देन पटना में हुआ। यह रकम दूसरे स्थान पर रहे जिले की तुलना में करीब चार गुना अधिक है।
सीसीएसयू के आंकड़ों के अनुसार, साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर स्थानांतरित करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले म्यूल खातों की संख्या भी पटना में सबसे अधिक है। जिले के अलग-अलग बैंकों में ऐसे 14,644 खाते चिह्नित किए गए हैं। इन खातों के माध्यम से साइबर अपराध से जुड़ी संदिग्ध रकम का लेन-देन किए जाने की आशंका है।
सीवान और पूर्वी चंपारण दूसरे-तीसरे स्थान पर
संदिग्ध लेन-देन के मामले में पटना के बाद सीवान दूसरे स्थान पर है। यहां म्यूल खातों में 3.82 करोड़ रुपये का लेन-देन दर्ज किया गया। वहीं, पूर्वी चंपारण में 3.54 करोड़ रुपये की संदिग्ध रकम का लेन-देन सामने आया है।
इन आंकड़ों से पता चलता है कि साइबर ठगी की रकम को खपाने के लिए अपराधी केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छोटे जिलों में मौजूद बैंक खातों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे खातों के जरिए ठगी की रकम को कई हिस्सों में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर भेजा जा सकता है, जिससे उसकी वास्तविक पहचान करना जांच एजेंसियों के लिए चुनौती बन जाता है।
बिहार में 1.09 लाख से अधिक म्यूल खाते चिह्नित
सीसीएसयू के अनुसार, बिहार के अलग-अलग बैंकों में कुल 1,09,475 संदिग्ध म्यूल खाते चिह्नित किए गए हैं। पटना के बाद सबसे अधिक ऐसे खाते गयाजी में मिले हैं। यहां 6,172 खाते चिह्नित किए गए हैं। वहीं, भोजपुर जिले में म्यूल खातों की संख्या 4,196 है। यह पटना की तुलना में करीब साढ़े तीन गुना कम है।
हालांकि, खातों की संख्या कम होने के बावजूद भोजपुर में संदिग्ध लेन-देन का आंकड़ा काफी बड़ा है। यहां चिह्नित म्यूल खातों के माध्यम से 2.98 करोड़ रुपये की संदिग्ध रकम का लेन-देन हुआ है।
बैंक ऑफ इंडिया के खातों में 1.20 करोड़ से अधिक का लेन-देन
भोजपुर जिले में बैंकवार आंकड़ों के विश्लेषण में बैंक ऑफ इंडिया के खातों में सबसे प्रमुख मामला सामने आया है। यहां अकेले बैंक ऑफ इंडिया के खातों के माध्यम से 1.20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की रकम का लेन-देन हुआ।
क्या होते हैं म्यूल बैंक खाते?
म्यूल खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी ठगी से प्राप्त रकम को प्राप्त करने और आगे दूसरे खातों में भेजने के लिए करते हैं। कई बार अपराधी पैसों का लालच देकर दूसरे लोगों के बैंक खाते और उनकी बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते हैं। कुछ मामलों में लोग कमीशन के लालच में जानबूझकर अपने खाते का इस्तेमाल भी करने देते हैं।
ऐसे खातों के जरिए ठगी की रकम को कई स्तरों पर स्थानांतरित किया जाता है, ताकि अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाए। सीसीएसयू के आंकड़े बिहार में साइबर ठगी के नेटवर्क और संदिग्ध बैंक खातों के इस्तेमाल की गंभीरता को सामने लाते हैं।

