पटना में मर्डर करने से पहले अपराधी गिरफ्तार, 50 हजार का इनामी विकास पकड़ा गया

सहरसा जिला पुलिस ने कोसी और सीमांचल क्षेत्र के कुख्यात अपराधी नील सागर यादव उर्फ लील सागर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस को यह सफलता मिली है। जिला खुफिया इकाई और सोनवर्षा राज थाने की पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर उसे बैजनाथपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तार अपराधी सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के जम्हरा गांव का रहने वाला है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि नील सागर यादव के खिलाफ सहरसा, पूर्णिया और मधेपुरा जिले में कुल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इन मामलों में हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, विधि व्यवस्था बिगाड़ने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। एसपी के अनुसार, आरोपी सोनवर्षा राज थाने में दर्ज कांड संख्या 219/24 (जो 13 दिसंबर 2024 को दर्ज हुआ) और कांड संख्या 97/25 (जो 1 जून 2025 को दर्ज हुआ) में वांछित था। उसके खिलाफ सिविल कोर्ट से गैर जमानती वारंट और कुर्की की कार्रवाई भी जारी थी। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। एसपी ने बताया कि नील सागर यादव के खिलाफ वर्ष 2003 से अब तक सहरसा जिले के सोनवर्षा राज, बलवाहाट, बसनही, सौर बाजार, सोनबरसा कचहरी और सदर थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मधेपुरा जिले के बिहारीगंज, मुरलीगंज और अरार थाने में भी उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं, पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाने में भी उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।