Samachar Nama
×

नित्यानंद राय ने पीले चावल बांटकर दिया पीएम मोदी की जनसभा का न्योता, 21 नवंबर को राजापाकर आएंगे प्रधानमंत्री

नित्यानंद राय ने पीले चावल बांटकर दिया पीएम मोदी की जनसभा का न्योता, 21 नवंबर को राजापाकर आएंगे प्रधानमंत्री

बिहार के वैशाली जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 21 नवंबर को राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री की जनसभा आयोजित होगी। कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने महुआ और हाजीपुर विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को पीले चावल देकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

नित्यानंद राय ने मंगलवार को महुआ अनुमंडल के कई गांवों का दौरा किया। वे लक्ष्मीनारायणपुर, रामपुर और ताजपुर बुजुर्ग पंचायत के करिहो गांव पहुंचे। इसके बाद रुसुलपुर मुबारक पंचायत के शाहपुर चौक पर आयोजित सभा में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री की जनसभा में पहुंचने की अपील की। इस दौरान उन्हें अक्षत, फूल और दूब देकर पारंपरिक तरीके से निमंत्रण दिया गया।

पीले चावल देकर घर-घर पहुंच रहे कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एनडीए के घटक दलों के कार्यकर्ता भी गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। पीले चावल देकर आमंत्रित करने की इस परंपरा के जरिए लोगों को जनसभा में शामिल होने का न्योता दिया जा रहा है। नित्यानंद राय के जनसंपर्क अभियान में बिहार विधान परिषद सदस्य अनिल ठाकुर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी

21 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा को संबोधित करने के साथ बिहार की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का लोकार्पण और राजापाकर के जाफरपट्टी में प्रस्तावित औद्योगिक एवं इलेक्ट्रॉनिक पार्क की आधारशिला रखे जाने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वैशाली जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, जनसंपर्क अभियान के जरिए स्थानीय लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचने का आग्रह किया जा रहा है।

Share this story

Tags