NEET एग्जाम रद्द, बिहार में 60 लाख में हुई थी डील, वीडियो में देखें सॉल्वर बैठाने की थी तैयारी, MBBS स्टूडेंट निकला मास्टरमाइंड
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। NTA ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है। अब परीक्षा की नई तारीखें जल्द जारी की जाएंगी।
यह कदम परीक्षा में सामने आई गंभीर अनियमितताओं और पेपर लीक व सॉल्वर नेटवर्क से जुड़े आरोपों के बाद उठाया गया है। मामले की जांच अब भी जारी है और इसे लेकर शिक्षा व सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बिहार में सॉल्वर गैंग का खुलासा
इस पूरे मामले में बिहार से एक बड़ा सॉल्वर गैंग नेटवर्क सामने आया है। आरोप है कि NEET परीक्षा में पास कराने के नाम पर संगठित गिरोह सक्रिय था, जो अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूल रहा था। जानकारी के अनुसार, एक सीट के लिए लगभग 60 लाख रुपये तक की डील की जा रही थी।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
2 मई की रात नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान दो लग्जरी गाड़ियों को जांच के लिए रोका। जांच में तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मुख्य आरोपी के रूप में विम्स मेडिकल कॉलेज का MBBS छात्र अवधेश कुमार का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके मोबाइल फोन की जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पूरे नेटवर्क पर छापेमारी
इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले एक सरगना को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में छापेमारी की गई, जिसके बाद 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह अब तक कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो परीक्षा में सॉल्वर बैठाकर उम्मीदवारों को पास कराने का काम करता था।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सॉल्वर गैंग का खुलासा होने के बाद परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है।

