Samachar Nama
×

छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीटा, फुटेज में देंखे इलाज के दौरान मौत; आरोपी मां गिरफ्तार

छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीटा, फुटेज में देंखे इलाज के दौरान मौत; आरोपी मां गिरफ्तार

बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ पूजा के प्रसाद को जूठा करने पर मां ने अपनी चार साल की मासूम बेटी की कथित तौर पर पिटाई कर दी। पिटाई के बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव की है। पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।मृत बच्ची की पहचान राजू पासवान की बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। वह गांव के वार्ड नंबर 12 की रहने वाली थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बच्ची के पिता ने दुख जताते हुए कहा, "ऐसी पूजा का क्या फायदा कि मेरी बेटी ही नहीं रही।"

प्रसाद के पकवान जूठा करने पर हुआ विवाद

बच्ची के पिता राजू पासवान के मुताबिक, छठ पूजा की तैयारियों के लिए परिवार के लोग घर के पास घाट बनाने गए थे। इस दौरान रीना कुमारी घर पर पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। तभी चार साल की सुहानी ने पकवान जूठा कर दिया।बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी। पिता के अनुसार, पिटाई के बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी हालत देखकर परिवार के लोग घबरा गए।

निजी नर्सिंग होम में डॉक्टर ने मृत घोषित किया

पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसकी मां रीना कुमारी ही उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची थी। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद सुहानी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पूसा थाना पुलिस को दी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्ची के साथ हुई मारपीट की परिस्थितियों और मौत से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।छठ जैसे लोक आस्था के पर्व के दौरान हुई इस घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। चार साल की मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story

Tags