चमकेगी बिजली, चलेगी आंधी… दिल्ली से लेकर UP-बिहार तक आज होगी बारिश, पहाड़ों सहित अन्य राज्यों का जानें हाल

इन दिनों भीषण गर्मी का दौर चल रहा है, लेकिन देश के कई मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम के लिहाज से अगले तीन से चार दिन काफी अहम हैं। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि उत्तर भारत समेत देश के विभिन्न राज्यों में मौसम बिगड़ेगा। ऐसे में आइए जानते हैं कि आज देश की राजधानी दिल्ली समेत अन्य राज्यों में मौसम कैसा रहेगा।
देश की राजधानी में आज बारिश के साथ आंधी भी आ सकती है। बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं (30-40 किलोमीटर प्रति घंटा) चल सकती हैं। दिल्ली में कल भी मौसम ऐसा ही रह सकता है। 2 जून को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। 3 जून को आंधी-तूफान के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में मौसम फिर बदलता नजर आ रहा है। आज राज्य के पश्चिमी हिस्से और पूर्वी हिस्से में कुछ जगहों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी दोनों भागों में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली गिर सकती है। साथ ही (30 से 50 किलोमीटर) की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। यूपी में आज अधिकतम तापमान 40 और अधिकतम 40 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार में आंधी
आज बिहार में बारिश हो सकती है। राज्य की राजधानी पटना में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और बारिश या गरज या धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। पूर्णिया में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। गया जिले में एक-दो बार बौछारें या गरज के साथ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुल मिलाकर आज राज्य में बारिश, गरज और बादल छाए रह सकते हैं।
मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिसमें गरज, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद अब आज और कल आंधी और बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं, हालांकि पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है।
पहाड़ी इलाकों में होगी बारिश
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज काफी बदल गया है। बारिश के बाद मैदानी इलाकों को भी गर्मी से राहत मिली है। आज प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है, जबकि अन्य इलाकों में भी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में आज और कल मौसम खराब रह सकता है। यहां कई जिलों में आंधी, तूफान और बारिश की संभावना है।