बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। एजेंसी ने पूर्वी चंपारण से एक खालिस्तानी आतंकवादी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एनआईए और जिला पुलिस की टीम ने रविवार को शहर में विशेष तलाशी अभियान चलाया। इस विशेष अभियान में खालिस्तान समर्थक कश्मीर सिंह उर्फ गलवाड़ी उर्फ बलवीर को गिरफ्तार किया गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार कश्मीर सिंह पंजाब के लुधियाना निवासी हरि सिंह का पुत्र है।
कश्मीर सिंह के खिलाफ दिल्ली के एनआईए थाने में कई धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कश्मीर सिंह मोतिहारी शहर में है। इसके बाद पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सदर अस्पताल ले गयी। जहां उनकी मेडिकल जांच की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, मेडिकल जांच के बाद एनआईए और जिला पुलिस कश्मीर सिंह को सुरक्षित स्थान पर ले गई। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। आपको बता दें कि पाकिस्तान के साथ मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बिहार में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां राज्य के सभी सीमावर्ती जिलों पर कड़ी नजर रख रही हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद राज्य के पूर्णिया जिले में एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में उन्होंने सुरक्षा एवं एहतियाती उपायों की समीक्षा की तथा उचित दिशा-निर्देश भी दिए। ऐसे में पूर्वी चंपारण जिले से एक खालिस्तानी आतंकवादी की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

