सारण के कोप में इंटर की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म, तनाव को देखते हुए पुलिस कर रही कैंप

सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की देर शाम एक इंटरमीडिएट की छात्रा को बगीचे में ले जाकर कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कैंप कर दी गई है। पुलिस कप्तान डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार कोपा थाना क्षेत्र के एक गांव की इंटरमीडिएट की छात्रा अपने गांव के बगीचे में गई थी। वहां उसे अकेला पाकर चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश भाग निकले। इसके बाद छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों को इसकी जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। इसके बाद सूचना मिलने पर कोपा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित छात्रा को मेडिकल जांच के लिए छपरा सदर साल भेज दिया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस गांव में कैंप कर रही है और हर गतिविधि पर नजर रख रही है। बता दें कि करीब 4 दिन पहले कोपा थाना क्षेत्र में ही एक किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया गया था, जिसमें बदमाश असफल रहे थे। इससे पहले पास के जलालपुर थाना क्षेत्र में पांचवीं की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही दुष्कर्म की घटनाओं के बाद गांव के लोगों में भय और तनाव का माहौल है।