Samachar Nama
×

पटना में 12 जनवरी 2021 को इंडिगो मैनेजर रूपेश सिंह की हुई थी हत्या: दो बाइक पर आए चार हमलावरों ने कार में बरसाईं गोलियां, पुलिस की कहानी को अदालत में नहीं मिला आधार

पटना में 12 जनवरी 2021 को इंडिगो मैनेजर रूपेश सिंह की हुई थी हत्या: दो बाइक पर आए चार हमलावरों ने कार में बरसाईं गोलियां, पुलिस की कहानी को अदालत में नहीं मिला आधार

शाम के 6 बजकर 58 मिनट। बिहार की राजधानी पटना के पुनाईचक इलाके में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठती है। दो बाइक पर सवार चार हमलावर एक कार को घेरते हैं और उसमें बैठे शख्स पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर देते हैं। कुछ ही पलों में सड़क पर अफरा-तफरी मच जाती है। कार में बैठे व्यक्ति को छह गोलियां लगती हैं। यह शख्स कोई और नहीं, बल्कि इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर रूपेश कुमार सिंह थे। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने उस समय पूरे बिहार में हलचल मचा दी थी।

रूपेश सिंह मूल रूप से सारण जिले के रहने वाले थे और पटना में अपने परिवार के साथ पुनाईचक स्थित कुसुम विला अपार्टमेंट में रहते थे। घटना वाले दिन वह कार्यालय से लौटकर अपनी कार से घर पहुंचे थे। अपार्टमेंट का गेट खुलने का इंतजार करते समय हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। गोलियां चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हाई प्रोफाइल हत्याकांड से मचा था हड़कंप

रूपेश सिंह की हत्या के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल गठित किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान 200 से अधिक कैमरों की फुटेज और बड़ी संख्या में तस्वीरों की पड़ताल की गई। पुलिस ने हत्या के पीछे ठेकेदारी, जमीन, हवाई अड्डे की पार्किंग और आपसी विवाद समेत कई संभावित कारणों की जांच की थी।

लिस ने रोड रेज को बताया था हत्या की वजह

करीब 22 दिन की जांच के बाद फरवरी 2021 में पटना पुलिस ने ऋतुराज नाम के युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा था कि नवंबर 2020 में सड़क पर हुई एक घटना के दौरान रूपेश सिंह और ऋतुराज के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में ऋतुराज ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कई बार रूपेश की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलने पर वारदात को अंजाम दिया। बाद में इस मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इसे रोड रेज से जुड़ा हत्याकांड बताया था। हालांकि, रूपेश के परिजनों ने पुलिस की इस कहानी पर सवाल उठाए थे और हत्या के पीछे दूसरे कारणों की आशंका जताई थी।

अदालत ने चारों आरोपियों को किया बरी

इस हत्याकांड में सबसे महत्वपूर्ण मोड़ तब आया, जब जुलाई 2024 में अदालत ने सभी चार आरोपियों को बरी कर दिया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने मामले में 350 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी और सीसीटीवी फुटेज समेत कई साक्ष्य पेश किए थे। इसके बावजूद अदालत में आरोपियों के खिलाफ अपराध साबित नहीं हो सका। रिपोर्टों में बताया गया कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा।

इस फैसले के बाद रूपेश सिंह की हत्या का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया। पुलिस ने जिस रोड रेज को हत्या की वजह बताया था, वह अदालत में साबित नहीं हो सका। ऐसे में इस हत्याकांड को लेकर कई सवाल अब भी बने हुए हैं। रूपेश सिंह की हत्या किसने और किस वजह से की, इस पर अदालत के फैसले के बाद भी परिवार के लिए न्याय का सवाल महत्वपूर्ण बना हुआ है।

Share this story

Tags