
बिहार के लोग आज से ही भीषण गर्मी का सामना करने के लिए तैयार हो जाएं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 6 से 10 जून तक पूरे राज्य में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि पूर्वी बिहार के सीमांचल क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है। अगले 4 दिनों तक किसी अन्य जिले में बारिश की संभावना नहीं है।
बिहार मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। दक्षिण बिहार में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही राज्य के अधिकांश जिलों में उमस भरी गर्मी बनी रहने की संभावना है।
कब होगी बारिश?
मौसम केंद्र पटना के अनुसार झारखंड और आसपास के बिहार में 1.5 किलोमीटर ऊपर हवा का चक्रवाती घेरा ऊपरी द्रोणिका से मिल गया है, जिसके कारण अगले चार दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना नहीं है। उसके बाद 11 जून से राज्य का मौसम एक बार फिर सक्रिय हो जाएगा और अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना है।
इन जिलों में छाए रहेंगे बादल
बिहार के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के सात जिलों में बादल छाए रहने का अनुमान है। इनमें पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, किशनगंज, अररिया और मधेपुरा जिले शामिल हैं। इन जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। तापमान और आर्द्रता में वृद्धि होने की संभावना है।
हालांकि, देर रात से आज सुबह 6 बजे तक कई जिलों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें रोहतास, मधुबनी, वैशाली, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर और मुजफ्फरपुर जिले शामिल हैं।
कटिहार में सबसे अधिक बारिश हुई
गुरुवार को राज्य के 32 जिलों में बारिश हुई। इसमें कटिहार में 80.8 मिमी, लखीसराय में 65.8 मिमी, जमुई में 60 मिमी, नालंदा में 57.8 मिमी, पूर्णिया में 43 मिमी, किशनगंज में 41.6 मिमी, शेखपुरा में 39.4 मिमी, मुंगेर में 38.8 मिमी, पटना जिले के दनियावां में 37.6 मिमी तथा फतुहा में 35.4 मिमी, नवादा में 34.2 मिमी, पूर्वी चंपारण में 33.02 मिमी, जहानाबाद में 28.4 मिमी, बांका में 26.8 मिमी, भागलपुर में 23.4 मिमी, मधेपुरा में 22.4 मिमी तथा वैशाली में 22.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को राज्य में कुछ स्थानों पर तापमान बढ़ा तो कुछ स्थानों पर घटा। राजधानी पटना में तापमान 2.6 डिग्री बढ़कर 36.01 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान में कमी आई और गोपालगंज में सबसे अधिक 37.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जबकि राज्य का औसत तापमान 35 डिग्री के करीब रहा।