समस्तीपुर स्टेशन पर पकड़ी गई ‘ग्लैमरस’ शराब तस्कर, वीडियो में जाने फर्स्ट क्लास बोगी से उतरी युवती के बैग में मिली विदेशी शराब की बोतलें
बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर सामने आया, जहां पुलिस ने एक युवती को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पहली नजर में देखने वाले यात्रियों को वह किसी मॉडल, कॉरपोरेट प्रोफेशनल या बड़े परिवार की लड़की जैसी लगी, लेकिन उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ने पूरी कहानी बदल दी। घटना 4 सितंबर की रात करीब 9 बजे की है। दिल्ली से आने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जैसे ही समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची, रेल पुलिस के जवान सीधे फर्स्ट क्लास बोगी H-1 की ओर बढ़े। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
फर्स्ट क्लास बोगी में बैठी थी नेहा
पुलिस जब बोगी के अंदर पहुंची तो वहां एक युवती बैठी थी। उसकी उम्र कम थी और पहनावा काफी सामान्य लेकिन आकर्षक था। करीब 5.6 फीट लंबी, गोरे रंग की, ब्लैक टी-शर्ट और ट्राउजर पहने यह युवती देखने में किसी सामान्य यात्री जैसी लग रही थी।आसपास बैठे यात्रियों को भी अंदाजा नहीं था कि वह किसी अवैध गतिविधि में शामिल हो सकती है। लिस उसे अपने साथ प्लेटफॉर्म पर लेकर आई। यात्रियों की नजरें भी उस पर टिक गईं। इसके बाद जब पुलिस ने उसके ट्रॉली बैग की जांच की तो उसमें से विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।पुलिस की कार्रवाई के बाद साफ हुआ कि यह युवती शराब तस्करी के आरोप में पकड़ी गई है। आरोपी युवती की पहचान नेहा के रूप में हुई है।
गांववालों ने किए बड़े दावे
नेहा की गिरफ्तारी के बाद उसके गांव के लोगों ने शराब तस्करी से जुड़े कई दावे किए हैं। गांव के सुमित नाम के युवक ने बताया कि नेहा की पहचान दरभंगा के कई बड़े डॉक्टरों, रसूखदार लोगों और पैसे वाले परिवारों से है।सुमित का दावा है कि नेहा कथित तौर पर इन लोगों तक शराब की होम डिलीवरी करती थी। इसके अलावा यह भी चर्चा है कि उसने शराब सप्लाई के इस नेटवर्क में कई अन्य लड़कियों को भी जोड़ रखा था।हालांकि, पुलिस ने इन दावों की अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होम डिलीवरी और डॉक्टरों से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही इन दावों की वास्तविकता सामने आएगी।
शराबबंदी के बीच तस्करी के नए तरीके
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद तस्कर नए-नए तरीकों से शराब पहुंचाने की कोशिश करते हैं। कभी वाहन, कभी पार्सल तो कभी यात्रियों के जरिए शराब की सप्लाई करने के मामले सामने आते रहे हैं।समस्तीपुर रेलवे स्टेशन की यह घटना भी इसी तरह के नेटवर्क की ओर इशारा कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नेहा शराब कहां से लेकर आई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाने वाली थी।फिलहाल आरोपी युवती से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच आगे बढ़ने पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।

