पटना में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड चला रहे थे करोड़ों की ठगी का खेल, साइबर गिरोह का पर्दाफाश
Patna पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड और उनके गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 11 मोबाइल फोन और 11 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाता था। महज 10वीं पास बॉयफ्रेंड सोशल मीडिया और फोन कॉल के जरिए ऐसे लोगों की तलाश करता था, जिन्हें जल्दी लोन की जरूरत होती थी। इसके बाद वह कम ब्याज दर और आसान प्रक्रिया का झांसा देकर लोगों से संपर्क करता था।
वहीं उसकी गर्लफ्रेंड पूरे पैसों के लेनदेन और खातों का हिसाब संभालती थी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह लोगों से प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे ऐंठता था। रकम मिलने के बाद आरोपी मोबाइल नंबर बंद कर फरार हो जाते थे।
पटना पुलिस की साइबर टीम को लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। छापेमारी के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि गिरोह ने बिहार समेत कई राज्यों में बड़ी संख्या में लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या फर्जी लोन ऑफर पर भरोसा न करें और व्यक्तिगत बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

