तीन करोड़ का गांजा पकड़ा...'पुष्पा स्टाइल' में आंध्र प्रदेश से ट्रक में लाए माल, देखकर पुलिस भी हैरान

फिल्म 'पुष्पा' में जिस तरह चंदन की तस्करी की गई थी, उसी तरह तस्कर गांजा की तस्करी कर रहे हैं। ट्रक चालक के केबिन में बने गुप्त चैंबर में रखकर आंध्र प्रदेश से 3 करोड़ रुपये का गांजा आगरा लाया गया था। रविवार रात पुलिस ने सिकंदरा के रुनकता में ट्रक को पकड़ लिया। चालक समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि पुलिस रुनकता में हीरालाल की प्याऊ पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक खाली ट्रक दिखाई दिया। चालक ने केबिन में देखा तो एक गेट बना हुआ था। उसे खोला तो केबिन और बॉडी के बीच एक चैंबर बना हुआ था। उसमें टेप और कागज लगाकर प्लास्टिक की थैलियां भरी हुई थीं। थैला खोला तो उसमें गांजा मिला। इसका वजन करीब 494 किलोग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गांजे की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों में गाजियाबाद निवासी मोहम्मद अफसर, पिनहाट निवासी धर्मा उर्फ धर्मपाल, पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना निवासी प्रसनजीत मित्रा शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने राहुल, रंजय, अनिल शर्मा निवासी पिनहाट, अंजुम, जाकिर, गाजियाबाद और दिलीप के नाम बताए हैं। ये सभी लोग गांजा तस्करी में शामिल हैं। आरोपियों के पास से एक ट्रक, एक कार, 7 मोबाइल आदि बरामद किए गए हैं। ये कार में आगे-आगे चलते हैं और रेकी करते हैं। डीसीपी सिटी के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि अफसर अपने साथी अनिल शर्मा के साथ दो साल से गांजा तस्करी कर रहा है। वे उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से गांजा लाते हैं। उन्हें यह 3 हजार रुपये प्रति किलोग्राम मिलता है। लोनी निवासी अंजुम और जाकिर इसे बेचते हैं। वह 10 से 15 हजार रुपये प्रति किलोग्राम लेते हैं। आरोपी धर्मपाल ने बताया कि वह पिनहाट में अनिल के घर के पास रहता है। वह वाहन और मजदूर उपलब्ध कराता है। आगरा और मथुरा में फुटकर में गांजा बिकता है। पुलिस से बचने के लिए ट्रक खाली रखते हैं। कार में बैठे साथी आगे बढ़ जाते हैं। पुलिस चेकिंग करती है तो ट्रक रुकवा लेते हैं। आगरा-मथुरा में भी डिमांड आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पहले दिल्ली एनसीआर और पंजाब में गांजा तस्करी ज्यादा होती थी। लेकिन अब पुलिस सख्त हो गई है। इसके चलते आगरा और मथुरा समेत आसपास के जिलों में गांजा बिक रहा है। नशे के कारोबार से जुड़े लोग हर 15 दिन में इसकी डिमांड करते हैं। इन जिलों में खपत भी बढ़ गई है। पहले भी पुलिस ट्रक, कार, टैंकर और ट्रेन से गांजा लाने वालों को पकड़ चुकी है।